{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Yamunanagar Kharwan Chowk Incident: दफ्तर में बैठे दोस्तों पर बदमाशों ने बरसाईं गोलियां, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

यमुनानगर के खारवन चौक स्थित ऑफिस पर बाइक सवार बदमाशों की फायरिंग। एक की मौत, दो घायल; पुलिस जांच में जुटी।
 

यमुनानगर: यमुनानगर में शुक्रवार देर रात खारवन चौक स्थित हाइड्रा और क्रेन ऑफिस पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. वारदात के समय ऑफिस की पहली मंजिल पर तीन दोस्त मौजूद थे. अचानक हुई गोलीबारी में दो लोग घायल हो गए, जबकि तीसरा भागते समय गिरकर घायल हो गया. अस्पताल में मंधार गांव निवासी 50 वर्षीय रिछपाल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस अब इस वारदात को मुसिंबल गांव के सरपंच की कार पर हुई फायरिंग से जोड़कर जांच कर रही है.

पहली मंजिल पर बैठे थे तीन दोस्त: प्रत्यक्षदर्शी हैप्पी के मुताबिक शुक्रवार देर रात मंधार गांव निवासी रिछपाल और मुसिंबल गांव के कमलजीत व गुरनील हाइड्रा-क्रेन ऑफिस की पहली मंजिल पर मौजूद थे. इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी. गोलियां लगने से रिछपाल और कमलजीत घायल हो गए. बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए."

भागते समय गिरा तीसरा युवक: वहीं, दुकानदार कमल ने बताया कि, "गोलीबारी की आवाज सुनकर नीचे काम कर रहे वर्कर तुरंत ऊपर पहुंचे. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने रिछपाल को मृत घोषित कर दिया. कमलजीत का इलाज चल रहा है, जबकि गुरनील बदमाशों से बचने के लिए भागते समय गिरकर घायल हो गया."

सरपंच की कार पर फायरिंग से जुड़ी जांच: पुलिस को इसी दौरान सूचना मिली कि मुसिंबल गांव के सरपंच की कार पर भी गोलियां चलाई गई हैं. दोनों घटनाओं के बीच कनेक्शन की जांच की जा रही है. एसपी कमलदीप गोयल समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया.

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस: डीएसपी राजीव मिगलानी ने बताया कि, "सीआईए और पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है."