{"vars":{"id": "123258:4912"}}

यमुनानगर: सास की तेरहवीं के बीच विवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का केस

यमुनानगर में तेरहवीं कार्यक्रम के दौरान विवाहिता की संदिग्ध मौत। मायके पक्ष ने लगाया दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप। पति समेत 4 लोगों पर मामला दर्ज।

 

यमुनानगर: यमुनानगर के गांव भेड़थल में जिस घर में सास की तेरहवीं की रस्म चल रही थी, उसी घर में 30 वर्षीय विवाहिता हरप्रीत कौर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. वहीं, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोप लगाए हैं. पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

शादी के बाद से प्रताड़ना के आरोप: मृतका के परिजनों का आरोप है कि हरप्रीत कौर की शादी वर्ष 2016 में राजीव चौहान से हुई थी. शादी के बाद से ही उसे दहेज और घरेलू विवादों को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था. करीब एक सप्ताह पहले भी उसके साथ मारपीट की गई थी, जिसमें उसकी नाक तक टूट गई थी. दोनों परिवारों के बीच पंचायत के जरिए विवाद सुलझाने का प्रयास भी किया जा रहा था.

तेरहवीं में पहुंचे थे मायके वाले: मृतका के परिवार की मानें तो रविवार को हरप्रीत की सास की तेरहवीं थी, जिसमें उसके माता-पिता और भाई चंडीगढ़ से गांव पहुंचे थे. परिजनों का आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान भी हरप्रीत के साथ विवाद और मारपीट हुई. मायके वाले उसे अपने साथ ले जाना चाहते थे, लेकिन दोबारा ऐसा नहीं होने का भरोसा मिलने पर वे वापस लौट गए.

फोन पर हुई आखिरी बातचीत: मृतका के भाई हरदेव सिंह ने बताया कि, "रात करीब 10 बजे मेरी बहन से फोन पर बात हुई. उसने कहा कि उसे बहुत नींद आ रही है और बाद में बात करेगी. करीब एक घंटे बाद उसकी बेटी ने वीडियो कॉल कर बताया कि मां की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उन्हें लगातार उल्टियां हो रही हैं. जब तक हम पहुंचे, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था."

मां ने लगाए गंभीर आरोप: वहीं, मृतका की मां सुनीता देवी ने आरोप लगाया, "हमारी बेटी को शादी के बाद से लगातार प्रताड़ित किया जाता था. हमें शक है कि उसे जहरीला पदार्थ दिया गया या उसके साथ ऐसा कुछ किया गया, जिसकी वजह से उसकी मौत हुई. हमें इंसाफ चाहिए."

पति समेत चार लोगों पर केस: इधर, मायके पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने पति राजीव चौहान, ननद डॉली, ननद रीतू और देवरानी नेहा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है.

पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार: पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और विसरा जांच के लिए एफएसएल भेजा गया है. अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.