यमुनानगर: नथनपुर में जेसीबी चालक की हत्या, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
यमुनानगर के छछरौली में आपसी रंजिश के चलते जेसीबी चालक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या। सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा, तीन आरोपियों पर मुकदमा दर्ज।
यमुनानगर : यमुनानगर के छछरौली क्षेत्र के नथनपुर गांव स्थित एक स्क्रीनिंग प्लांट पर हुई यह वारदात इंसानियत को झकझोर देने वाली है। आपसी रंजिश के चलते उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के बेहट निवासी मोहम्मद अकील की बेरहमी से हत्या कर दी गई। अकील पिछले कई वर्षों से इसी स्क्रीनिंग प्लांट पर जेसीबी चालक के रूप में काम करता था और मेहनत-मजदूरी कर अपना परिवार चला रहा था।
आरोप है कि तीन युवक लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और मोहम्मद अकील पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि करीब आधे घंटे तक उसे लगातार पीटा गया। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। मारपीट इतनी गंभीर थी कि अकील ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। अब यही फुटेज पुलिस जांच का अहम आधार बन रही है। घटना की सूचना मिलते ही छछरौली पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल इस निर्मम हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर आपसी रंजिश इतनी बढ़ी कैसे कि एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई।