यमुनानगर: हरियाणा-हिमाचल बॉर्डर पर भीषण हादसा, ट्रक के नीचे दबने से 4 की मौत
यमुनानगर के लाल डांग में मक्का लदा ट्रक दो बाइकों पर पलटा। मंदिर जा रहे एक ही परिवार के पिता और दो बेटियों समेत 4 की मौत। कलेसर नेशनल पार्क के पास हुआ हादसा।
यमुनानगर : हरियाणा के यमुनानगर से एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के बॉर्डर पर लाल डांग के पास ट्रक के नीचे दबने से चार लोगों की मौत हो गई। 2 बाइकों पर पांच लोग सवार होकर हिमाचल के रेणुकाजी जा रहे थे। इसी दौरान चढ़ाई के दौरान मक्का लदा ट्रक उनके ऊपर पलट गया। मृतकों में एक व्यक्ति और उनकी दो पुत्रियां शामिल हैं। परिवार हिमाचल प्रदेश में रेणुका जी मंदिर के दर्शन के लिए जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, कलेसर नेशनल पार्क के जंगल क्षेत्र में पहाड़ी ढलान से उतरते समय ट्रक अचानक असंतुलित हो गया। उसी दौरान दो बाइकों पर सवार परिवार पहाड़ी की चढ़ाई की ओर बढ़ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में आ गया और दोनों बाइकों पर पलट गया।
बताया जा रहा है कि चुहड़पुर कलां निवासी राजेंद्र धीमान लकड़ी और रिपेयरिंग का काम करते थे। परिवार ने रेणुका जी मंदिर जाने की योजना बनायी थी। राजेंद्र की बहन का देवर फूल सिंह भी गांव दौलतपुर से उनके साथ गया था। राजेंद्र की दोनों पुत्री फूल सिंह की बाइक पर बैठी थीं, जबकि पत्नी ऊषा दूसरी बाइक पर राजेंद्र के साथ थीं। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे परिवार दो बाइकों पर सवार होकर घर से निकला था। परिवार हंसी-खुशी सफर कर रहा था और कलेसर जंगल का अधिकांश हिस्सा पार कर लालढांग के पास पहुंच चुका था। यहां से हिमाचल प्रदेश की सीमा शुरू होती है। इसी दौरान ढलान और तीखे मोड़ पर सामने से आ रहा मक्के के बोरों से लदा ट्रक अचानक बेकाबू हो गया और हिचकोले खाते हुए रॉन्ग साइड में चला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवारों ने ट्रक से बचने की कोशिश की, लेकिन सड़क किनारे लगी रेलिंग और पहाड़ी के कारण वे फंस गये। कुछ ही क्षणों में ट्रक दोनों बाइकों पर पलट गया। हादसे में ऊषा बाइक से दूर जा गिरीं, जिससे उनकी जान बच गयी, लेकिन बाकी चार लोगों को बचने का मौका नहीं मिला। मृतकों की पहचान चुहड़पुर कलां निवासी राजेंद्र धीमान (45), उनकी पुत्री सिमरन उफर् सिम्मी (14) और मिनल उफर् मिनी (12) तथा गांव दौलतपुर निवासी फूल सिंह के रूप में हुई है। राजेंद्र की पत्नी ऊषा (40) गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।