यमुनानगर हादसा: थार और स्कॉर्पियो की सीधी भिड़ंत; पूर्व सरपंच के बेटे की मौत
यमुनानगर के साढौरा में थार और स्कॉर्पियो की जोरदार टक्कर। लाहड़पुर के पूर्व सरपंच के इकलौते बेटे की मौत, 3 गंभीर घायल। हादसे से ठीक पहले युवक बना रहे थे वीडियो।
यमुनानगर : यमुनानगर के साढौरा कस्बे के गांव असगरपुर के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। हादसे में लाहड़पुर गांव के पूर्व सरपंच के इकलौते बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक अपने दोस्तों और चाचा के लड़के के साथ स्कॉर्पियो में सवार होकर घूमने निकला था।
थार और स्कॉर्पियो की आमने-सामने हुई टक्कर
हादसे से कुछ ही सेकंड पहले कार के अंदर बैठे एक युवक ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया था। वीडियो में सभी युवक मौज-मस्ती करते दिखाई दे रहे हैं, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि अगले ही पल एक भयानक हादसा उनका इंतजार कर रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सामने से आ रही थार और काली स्कॉर्पियो की आमने-सामने इतनी जबरदस्त टक्कर हुई कि सड़क किनारे खड़ा एक पेड़ जड़ से उखड़कर दूर जा गिरा। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
दोनों वाहनों के उड़े परखच्चे
हादसे के बाद काली स्कॉर्पियो कई पलटियां खाते हुए सड़क से नीचे जा गिरी, जबकि थार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मुलाना और चंडीगढ़ के अस्पतालों में रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है। फिलहाल इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे लाहड़पुर गांव में शोक की लहर है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। एक पल की खुशी और मस्ती ने कई परिवारों की जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी।