{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Behal Farmer Protest News: बहल अनाज मंडी में गर्जे किसान, बाजरे का भाव और C2+50% MSP की मांग पर सरकार को घेरा

बहल अनाज मंडी में अखिल भारतीय किसान सभा की बैठक में बाजरे का उचित भाव, C2+50% MSP और 10 घंटे बिजली आपूर्ति की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया।
 

बहल। अनाज मंडी बहल में सोमवार को अखिल भारतीय किसान सभा की बहल तहसील इकाई की मासिक बैठक में किसानों की विभिन्न मांगों पर चर्चा के बाद सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। किसानों ने बाजरे का उचित भाव दिलाने, फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) सी-2 प्लस 50 प्रतिशत के आधार पर तय करने, सस्ती बिजली और कृषि सब्सिडी जारी रखने की मांग की।

बैठक की अध्यक्षता प्रधान सूबेदार धनपत ने की और संचालन मीर सिंह ओबरा ने किया। बैठक की शुरुआत हिसार के किसान नेता जीवन कुंडू के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद किसानों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं और मांगों पर विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि किसानों को सस्ती बिजली और कृषि सब्सिडी का लाभ लगातार मिलना चाहिए। फसलों का एमएसपी सी-2 प्लस 50 प्रतिशत के आधार पर तय किया जाना चाहिए। किसानों ने विशेष रूप से बाजरे का उचित भाव नहीं मिलने पर चिंता जताई और कहा कि इससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

किसानों ने आगामी सीजन में डीएपी और यूरिया खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। इसके साथ ही खेतों की सिंचाई के लिए दिन में कम से कम 10 घंटे बिजली आपूर्ति करने की मांग भी उठाई।