{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Sanju Numberdar Kisan Mahapanchayat: गन्ने का भाव और धान खरीद के मुद्दों पर पिहोवा में जुटेगी किसानों की भीड़

पिहोवा में धान की सरकारी खरीद और एमएसपी की मांगों को लेकर आज किसान महापंचायत। 10 किसान संगठन होंगे शामिल।
 

कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा में धान (जीरी) की सरकारी खरीद जल्द शुरू करवाने तथा किसानों से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर आज किसान महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है। पिहोवा अनाज मंडी में होने वाली इस महापंचायत में प्रदेशभर के किसान प्रतिनिधियों के साथ करीब 10 किसान संगठन शामिल होंगे। महापंचायत में किसानों की विभिन्न मांगों पर चर्चा कर आगामी आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।

किसान संगठनों की प्रमुख मांग है कि धान की सरकारी खरीद 15 सितंबर से शुरू की जाए। इसके अलावा धान में 20 प्रतिशत तक नमी की सीमा मान्य करने, फसलों की एमएसपी पर बिना कटौती खरीद सुनिश्चित करने, गन्ने का लाभकारी भाव 650 रुपये प्रति क्विंटल करने तथा दुग्ध उत्पादकों को उचित एवं लाभकारी मूल्य दिलाने की मांग भी उठाई जा रही है।

किसान संगठनों का कहना है कि इस समय मंडियों में धान की आवक शुरू हो चुकी है, जबकि सरकारी खरीद शुरू नहीं हुई है। ऐसे में किसानों को अपनी फसल बेचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले दिनों किसानों ने सरकार को चेतावनी दी थी कि यदि 15 सितंबर से धान की सरकारी खरीद शुरू नहीं की गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह के प्रधान संजू नंबरदार के अनुसार महापंचायत में किसानों से जुड़े सभी प्रमुख मुद्दों पर मंथन किया जाएगा। इसमें धान खरीद के साथ गन्ने के भाव, दूध के उचित दाम, कपास की एमएसपी पर खरीद तथा अन्य कृषि संबंधी समस्याओं पर भी चर्चा होगी।

किसान संगठनों ने स्पष्ट किया है कि यदि सरकार उनकी मांगों पर समय रहते सकारात्मक निर्णय नहीं लेती तो महापंचायत में आगामी आंदोलन को लेकर बड़ा फैसला लिया जा सकता है। इससे पहले भी किसान संगठनों ने 15 सितंबर से धान खरीद शुरू नहीं होने की स्थिति में जीटी रोड समेत अन्य स्थानों पर प्रदर्शन की चेतावनी दी है। महापंचायत को लेकर किसान संगठनों की ओर से प्रदेशभर के किसानों से अधिक से अधिक संख्या में पिहोवा पहुंचने की अपील की गई है।