Narwana Mandi Strike: नरवाना में गेहूं की खरीद बंद, आढ़तियों ने नए नियमों के खिलाफ खोला मोर्चा
नरवाना मंडी एसोसिएशन ने गेहूं खरीद के नए नियमों के विरोध में पूर्ण हड़ताल का ऐलान किया। प्रधान जयदेव बंसल की अध्यक्षता में हुई बैठक; जींद जिले की सभी मंडियां बंद।
नरवाना : सरकार द्वारा गेहूं खरीद को लेकर बनाए गए नए नियमों के विरोध में आढ़तियों ने सख्त रुख अपनाते हुए नरवाना मंडी को बंद रखने का फैसला लिया है। शनिवार को मंडी एसोसिएशन कार्यालय नरवाना में प्रधान जयदेव बंसल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिलेभर की स्थिति पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान प्रधान जयदेव बंसल ने बताया कि जिला जींद की सभी मंडियां पहले से ही बंद हैं। इसी के मद्देनजर नरवाना मंडी एसोसिएशन ने भी एकजुटता दिखाते हुए फैसला लिया है कि जब तक जिले की अन्य मंडियां बंद रहेंगी, तब तक नरवाना मंडी भी पूर्ण रूप से बंद रहेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आज रात 12 बजे के बाद जब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक मंडी और मीलों में किसी भी किसान (जमींदार) की गेहूं की फसल नहीं उतरवाई जाएगी। आढ़तियों का कहना है कि नए नियमों से किसानों को परेशानी बढ़ेगी, इसलिए सरकार को इन पर पुनर्विचार करना चाहिए। इस अवसर पर पूर्व मंडी प्रधान शशिकांत शर्मा, विनय बेलरखा, बृजेंद्र सिंह सुरजेवाला, सुरेश कुमार, राजीव सहित कई आढ़ती मौजूद रहे।