{"vars":{"id": "123258:4912"}}

ऑस्ट्रेलिया ट्रिप बजट: फ्लाइट से होटल तक, जानें 2 लोगों का खर्च

ऑस्ट्रेलिया घूमने की योजना बना रहे हैं? जानें फ्लाइट, वीजा, होटल और खाने का कुल खर्च। 2 लोगों के लिए बजट ट्रिप की पूरी जानकारी और बचत के टिप्स यहाँ पढ़ें।

 

विदेश घूमने का सपना कई लोगों का होता है और ऑस्ट्रेलिया भी सबसे लोकप्रिय देशों में शामिल है. खूबसूरत समुद्र तट, आधुनिक शहर, प्राकृतिक नजारे, वाइल्ड लाइफ पर्यटन और एडवेंचर एक्टिविटीज़ की वजह से हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक यहां घूमने पहुंचते हैं. अगर आप भी अपने परिवार, दोस्तों या पार्टनर के साथ विदेश यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो ऑस्ट्रेलिया एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है.

हालांकि, किसी भी इंटरनेशनल ट्रिप की प्लानिंग से पहले बजट तय करना सबसे जरूरी होता है. फ्लाइट, होटल, वीजा, स्थानीय यात्रा, खाने-पीने और घूमने की जगहों का खर्च पहले से जान लेने पर यात्रा की योजना बनाना आसान हो जाता है. इससे अनावश्यक खर्चों से भी बचा जा सकता है और ट्रिप अधिक आरामदायक बनती है.

आइए जानते हैं कि ऑस्ट्रेलिया घूमने के दौरान किन-किन चीजों पर खर्च करना पड़ता है, 2 लोगों के ट्रिप के लिए कितना बजट रखना चाहिए, खर्च कैसे कम किया जा सकता है और यहां घूमने का सबसे अच्छी जगहें कौन सी हैं.

ऑस्ट्रेलिया घूमने के लिए किन-किन चीजों पर करना होगा खर्च?

विदेश में घूमने की प्लानिंग करते समय सबसे बड़ा खर्च फ्लाइट टिकट का होता है. बात करें ऑस्ट्रेलिया कि तो भारत से यहां के लिए 2 लोगों की आने-जाने की फ्लाइट का किराया सीजन के अनुसार लगभग 1.20 लाख से 2 लाख रुपये तक हो सकता है. इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया टूरिस्ट वीजा की फीस अलग से देनी पड़ती है. रहने के लिए 3-स्टार होटल में एक रात का किराया लगभग ₹6,000 से ₹10,000, जबकि 5-स्टार होटल में ₹15,000 से ₹30,000 या उससे अधिक हो सकता है.

खाने-पीने पर प्रतिदिन 2 लोगों का करीब ₹4,000 से ₹8,000 तक खर्च आ सकता है. वहीं, लोकल ट्रांसपोर्ट, दर्शनीय स्थलों की टिकट, शॉपिंग और अन्य एक्टिविटी के लिए भी अलग बजट रखना चाहिए. इसलिए ट्रिप की अवधि और यात्रा के तरीके के अनुसार पहले से खर्च का अनुमान लगाना जरूरी है.

2 लोगों के ऑस्ट्रेलिया ट्रिप का बजट

अगर 2 लोग 7 से 8 दिन के लिए ऑस्ट्रेलिया घूमने जाते हैं और 3-स्टार होटल में रुकते हैं, तो फ्लाइट, वीजा, होटल, खानपान, लोकल ट्रांसपोर्ट और घूमने-फिरने का कुल खर्च लगभग ₹3 लाख से ₹4.5 लाख तक हो सकता है.

वहीं, अगर 5-स्टार होटल, प्रीमियम फ्लाइट और लग्जरी अनुभव चुने जाएं, तो यह बजट ₹5 लाख से ₹7 लाख या उससे अधिक भी पहुंच सकता है. यात्रा का कुल खर्च सीजन, शहर, होटल और आपकी ट्रैवल स्टाइल पर निर्भर करता है.

ट्रिप का ऐसे कम करें खर्च

अगर आप कम बजट में ऑस्ट्रेलिया घूमना चाहते हैं, तो यात्रा की योजना पहले से बनाएं और फ्लाइट टिकट समय रहते बुक करें. पीक सीजन की बजाय ऑफ-सीजन में यात्रा करने पर होटल और फ्लाइट दोनों सस्ते मिल सकते हैं. 3-स्टार या बजट होटल चुनें और जहां संभव हो, पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें.

कई शहरों में डे पास या ट्रैवल कार्ड उपलब्ध होते हैं, जिससे लोकल यात्रा का खर्च कम हो सकता है. महंगे रेस्तरां की बजाय स्थानीय कैफे या फूड कोर्ट में खाना भी अच्छा विकल्प है. इसके अलावा मुफ्त बीच, पार्क और सार्वजनिक आकर्षणों को अपनी यात्रा में शामिल करके भी काफी बचत की जा सकती है.

ऑस्ट्रेलिया में इन जगहों पर घूमें

ऑस्ट्रेलिया में घूमने के लिए कई शानदार जगहें हैं. सिडनी ओपेरा हाउस और सिडनी हार्बर ब्रिज यहां की पहचान माने जाते हैं. ग्रेट बैरियर रीफ दुनिया की सबसे बड़ी कोरल रीफ है, जहां स्नॉर्कलिंग और स्कूबा डाइविंग का अनुभव लिया जा सकता है.

मेलबर्न अपनी कला, कैफे और संस्कृति के लिए प्रसिद्ध है, जबकि गोल्ड कोस्ट खूबसूरत समुद्र तटों और थीम पार्क के लिए जाना जाता है. इसके अलावा ब्लू माउंटेन्स, उलुरु यानी एयर्स रॉक और ग्रेट ओशन रोड भी ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हैं.