Youngest Person to Visit All Disney Theme Parks: अमेरिका की तीन साल की बच्ची ने रचा इतिहास, सभी 12 डिज्नी पार्कों का दौरा कर बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड
अमेरिका की तीन साल की बूत्सी डारिंगटन ने डिज्नी की दुनिया में एक नया इतिहास लिख दिया है. वह दुनिया के सभी डिज्नी थीम पार्कों का दौरा करने वाली अब तक की सबसे कम उम्र की इंसान बन गई हैं. बूत्सी ने 3 साल और 139 दिन की उम्र में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का खिताब अपने नाम किया है.
बूत्सी ने 14 सितंबर 2026 को पेरिस के डिज्नीलैंड में अपना रिकॉर्ड पूरा किया. वह अपने माता पिता जेस और स्टीव, और पांच साल के भाई ब्रिग्स के साथ वहां पहुंची थीं. उनका परिवार अपने सफर को @WhereIsBriggs नाम के सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करता है. वे बच्चों के साथ यात्रा को आसान बनाने के टिप्स भी देते हैं.
डिज्नी का सफर शुरू
बूत्सी का डिज्नी सफर मार्च 2024 में टोक्यो डिज्नीसी से शुरू हुआ था, तब वह सिर्फ रेंगना सीख रही थीं. एक महीने बाद, वह डिज्नीलैंड पेरिस पहुंचीं. उस समय टीकप्स राइड उनकी पसंदीदा थी.
फरवरी 2025 में, परिवार हॉन्ग कॉन्ग डिज्नीलैंड गया, जहां बूत्सी को फ्रोजन राइड बहुत पसंद आई. इसके बाद अक्टूबर 2025 में कैलिफोर्निया का डिज्नीलैंड. इस यात्रा में उन्हें डिज्नी डोल व्हिप भी पसंद आया, जो उनकी एक और पसंदीदा चीज बन गई.
जापान से फ्लोरिडा तक
नवंबर 2025 में परिवार जापान लौटा, जहां उन्होंने टोक्यो डिज्नीलैंड और शंघाई डिज्नीलैंड दोनों का दौरा किया. शंघाई में, बूत्सी को पार्क का ज़ूटोपिया थीम वाला खाना खास तौर पर अच्छा लगा. फिर जनवरी 2026 आया, जो काफी व्यस्त रहा. बूत्सी ने फ्लोरिडा के चार डिज्नी पार्कों का दौरा किया: मैजिक किंगडम, ईपीकॉट, हॉलीवुड स्टूडियो और एनिमल किंगडम.
इससे उनके कुल पार्कों की संख्या 10 हो गई थी, और बस दो और बाकी थे. जुलाई 2026 में, बूत्सी ने डिज्नी कैलिफोर्निया एडवेंचर का दौरा किया, जहां कार्स लैंड उनके लिए खास रहा. अंतिम पड़ाव सितंबर में डिज्नी एडवेंचर वर्ल्ड पेरिस था. वहां का नया फ्रोजन वर्ल्ड उन्हें बहुत भाया. अब वह सभी 12 डिज्नी थीम पार्कों का दौरा कर चुकी थीं.
वर्ल्ड रिकॉर्ड की पुष्टि
परिवार ने डिज्नीलैंड पेरिस में इस उपलब्धि का जश्न मनाया, जहां गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के निर्णायक विलियम सिंडेन ने बूत्सी को आधिकारिक तौर पर सभी डिज्नी थीम पार्कों का दौरा करने वाली सबसे कम उम्र की इंसान घोषित किया.
उनकी मां जेस ने बताया कि परिवार को बूत्सी पर ‘बहुत गर्व’ है और सभी 12 पार्कों का दौरा करना उनके लिए एक ‘खास सफर’ रहा है. 12 थीम पार्कों के अलावा, परिवार ने जुलाई 2026 में हवाई में औलानी, ए डिज्नी रिसॉर्ट एंड स्पा में एक अतिरिक्त डिज्नी स्टॉप भी किया था.
बूत्सी की यह रिकॉर्ड तोड़ डिज्नी यात्रा, टोक्यो डिज्नीसी में रेंगने से लेकर पेरिस में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का खिताब जीतने तक, उनके चार साल पूरे होने से पहले ही पूरी हो गई.