{"vars":{"id": "123258:4912"}}

घर पर ओआरएस कैसे बनाएं? जानें सही तरीका, फायदे और जरूरी सावधानियां

शरीर में पानी की कमी (Dehydration) को दूर करने के लिए घर पर ओआरएस (ORS) बनाना सीखें। जानें 1 लीटर पानी में नमक और चीनी का सही अनुपात और इसे पीने के बड़े फायदे।

 

ओआरएस (Oral Rehydration Solution) शरीर में तरल पदार्थ और मिनरल्स की कमी पूरी करने के लिए सबसे फायदेमंद माना जाता है. एक्सपर्ट भी इसे पीने की सलाह देते हैं. हालांकि, कई बार घर में ORS का पैकेट उपलब्ध नहीं होता, जिससे लोगों के मन में सवाल उठता है कि क्या ORS घर पर भी बनाया जा सकता है? तो इसका जवाब है हां…ओआरएस को आप आसानी से घर पर बना सकते हैं. इसके लिए बस सही स्टेप और सही इंग्रि़डियंट्स की जरूरत है.

गर्मी के मौसम में डिहाइड्रेशन, दस्त, उल्टी या ज्याद पसीना आने के कारण शरीर में पानी और जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो जाती है. ऐसी स्थिति में ओआरएस पीना एक अच्छा ऑप्शन है. यह शरीर को हाइड्रेट रखने और डिहाइड्रेशन के खतरे को कम करने में मदद कर सकता है. आइए जानते हैं घर पर ORS बनाने का स्टेप बाय स्टेप तरीका, साथ ही इसे बनाते समय किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है.

ओआरएस पीने के क्या हैं फायदे

ओआरएस शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स (सोडियम, पोटैशियम आदि) की कमी को पूरा करने में मदद करता है. दस्त, उल्टी, बुखार या ज्यादा पसीना आने से होने वाले डिहाइड्रेशन के खतरे को कम करता है. यह शरीर को ऊर्जा देने, कमजोरी दूर करने और तरल पदार्थों का संतुलन बनाए रखने में भी सहायक होता है. बच्चों और वयस्कों दोनों के लिए यह डिहाइड्रेशन से बचने के लिए सबसे ज्यादा फायदेमंद माना जाता है. चलिए जानते हैं इसे कैसे बनाना है.

ओआरएस (ORS) घर पर बनाने का तरीका

घर पर ओआरएस बनाना बेहद आसान है. इसके लिए आपको सिर्फ 3 चीजें चाहिए. 1 लीटर साफ और उबला हुआ (ठंडा किया हुआ) पानी, चीनी और नमक. आपको 1 लीटर पानी में 6 छोटी चम्मच चीनी और आधी छोटी चम्मच नमक मिलाएं. मिश्रण को अच्छी तरह घोल लें ताकि नमक और चीनी पूरी तरह पानी में मिल जाएं. आपका घरेलू ओआरएस तैयार है. इसे 24 घंटे के अंदर पीकर खत्म करना है. अगले दिन के लिए आप इसे दोबारा बना सकते हैं.

ORS बनाते और पीते समय किन बातों का ध्यान रखें

ओआरएस बनाते समय नमक और चीनी की मात्रा सही रखना बहुत जरूरी है, क्योंकि ज्यादा नमक या चीनी नुकसान पहुंचा सकती है. हमेशा साफ और सुरक्षित पानी का ही इस्तेमाल करें. तैयार घोल को 24 घंटे से ज्यादा समय तक न रखें. वहीं, अगर दस्त, उल्टी या डिहाइड्रेशन की समस्या गंभीर हो, बार-बार उल्टी हो रही हो, या मरीज को चक्कर, बेहोशी या ज्यादा कमजोरी महसूस हो रही हो, तो केवल ओआरएस पर निर्भर न रहें और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें. खासतौर पर छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गंभीर रूप से बीमार लोगों में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए.