{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Garden Care in Rainy Season: पौधों की पत्तियों को कीड़ों से बचाने के लिए अपनाएं नीम, लहसुन और बेकिंग सोडा के उपाय

बारिश में पौधों को कीड़ों और फंगस से बचाने के लिए घर पर तैयार करें नेचुरल और ऑर्गेनिक कीटनाशक। जानिए आसान तरीके।
 

बारिश का पानी पेड़-पौधों को नया जीवन मिलता है. हालांकि ये भी जरूरी है कि आप इस समय प्लांट्स की थोड़ी एक्स्ट्रा केयर करें. खासकर आपको प्लांट्स की कीड़ों-फंगस की समस्या से बचाने की जरूरत होती है, क्योंकि नमी और इसी के साथ बीच-बीच में गर्म मौसम बैक्टीरिया, फंगस और छोटे कीड़ों के पनपने के लिए अनुकूल होता है. अगर पौधों में कीड़े लग रहे हैं और इसी वजह से पत्तियां खराब होने लगी हैं तो कुछ नेचुरल चीजों का छिडकाव करके कीड़ों को नष्ट किया जा सकता है.

बाजार से केमिकल वाला कीटनाशक (Insecticide) खरीदने की बजाय घर पर ही आप ऑर्गेनिक पेस्टिसाइड बनाकर तैयार कर सकते हैं. इससे पौधों पर लगे फल-फूल और सब्जियां भी केमिकल से बचे रहते हैं. तो चलिए जान लेते हैं नेचुरल कीटनाशक कौन-कौन सी चीजें हैं.

नीम दिखाती है कमाल का असर

पौधों को कीड़ों से बचाने के लिए नीम एक बेहतरीन नेचुरल कीटनाशक है. आप नीम के तेल का छिड़काव पौधों में कर सकते हैं. इसमें थोड़ी मात्रा में पानी मिलाकर स्प्रे बोतल में भरकर अच्छी तरह से मिक्स करें. इसके बाद यूज करें. आप नीम की पत्तियों को पानी में उबालकर इसका छिड़काव कर सकते हैं और जड़ों में भी डाल सकते हैं. इसके अलावा नीम की पत्तियों को पीसकर पेस्ट बना लें. इसे पानी में घोलकर पौधों में छिड़काव करें.

लहसुन और मिर्च का करें यूज

घर की रसोई में रखा लहसुन भी आपके गार्डन में काफी काम आता है. इसे पीसकर पानी में मिला लें और इसी में थोड़ी सी मिर्च मिलाएं. इसे छानकर स्प्रे बोतल में भर लें और पौधों की पत्तियों, तनों पर अच्छी तरह से स्प्रे करें.

गुनगुनी राख आएगी काम

आपके घर के पौधों की पत्तियों में सफेद और काले रंग की फंगस दिखाई दे रही है तो इसके लिए गुनगुनी राख काफी काम आती है. उपलों को जला लें और जब इसकी राख हल्की गर्म रहे तो इसे पौधों पर छिड़क दें. इसे हर दिन कुछ समय के लिए दोहराते रहें. खासकर सेम और मटर की बेल पर सफेद और काली फंगस ज्यादा लगती है.

बेकिंग सोडा और सिरका

पौधों पर कीड़े लग गए हैं तो आधा कप सफेद सिरका, 2 चम्मच बेकिंग सोडा और सिरके से दोगुना पानी मिलाकर बोतल में भरकर पौधों पर अच्छी तरह से स्प्रे करते रहें.

ये बात करें नोट: पौधों को कीड़ों से बचाने के लिए भले ही ये सारी चीजें नेचुरल हैं, लेकिन इसके बावजूद इनपर लगने वाले फलों और सब्जियों को अच्छी तरह धोने के बाद ही इस्तेमाल में लाना चाहिए.