{"vars":{"id": "123258:4912"}}

एसिडिटी और गैस का कारण है आपकी चाय? जानें एक्सपर्ट की राय और उपाय

क्या आपको भी चाय पीने से गैस और एसिडिटी होती है? एक्सपर्ट से जानें चाय और खराब लाइफस्टाइल कैसे पाचन बिगाड़ते हैं। एसिड रिफ्लक्स से बचने के लिए जरूरी टिप्स।

 

गैस, एसिडिटी या पाचन से जुड़ी दूसरी समस्याओं से भारत की अधिकतर आबादी परेशान है. पबमेड की रिसर्च बताती है कि भारत की करीब 15 से 30 फीसदी आबादी गैस और एसिडिटी से परेशान है. कई नई रिसर्च सामने आई हैं जिनमें बताया गया है कि 60 से 70 फीसदी भारतीयों को वीक में एक बार पाचन संबंधी समस्याओं से जूझना पड़ता है. इसमें पेट फूलना, सीने में जलन और एसिडिटी का होना शामिल है. ये समस्या दिनभर क्या कई दिनों तक परेशान कर सकती है. एक्सपर्ट बताते हैं कि इससे बचने के लिए खानपान का ख्याल रखना जरूरी है.

क्या आप जानते हैं कि एसिडिटी क्यों होती है? एक्सपर्ट बताते हैं कि जब गैस्ट्रिक ग्लैंड यानी पेट की ग्रंथियां खाने को पचाने के लिए एक्स्ट्रा एसिड (हाइड्रोक्लोरिक एसिड) बनाती हैं. तब ये एसिड पेट की ऊपरी परत को डिस्टर्ब करता है. इस वजह से सीने में जलन या खट्टी डकार आने लगती है. चाय इसकी क्यों वजह बनती है चलिए आपको एक्सपर्ट के जरिए बताते हैं…

क्या कहते हैं एक्सपर्ट

डॉक्टर महेश गुप्ता (डायरेक्टर गैस्ट्रोएंट्ऱोलॉजी, फोर्टिस नोएडा) कहते हैं कि अक्सर ये देखा गया है कि लोग दूध वाली चाय पीने से गैस बनने की शिकायत करते हैं. इसका कारण ये हो सकता है कि या तो उन्हें लैक्टोज इंटॉलरेंस है. इसका मतलब है कि वो दूध को पचा नहीं पाते हैं. हमारे शरीर में एक लैक्टेज एंजाइम होता है जो दूध को पचाने में हेल्प करता है. एक्सपर्ट कहते हैं कि अगर शरीर में इसकी कमी है तो दूध पचा नहीं पाते हैं. इस वजह से एसिडिटी, गैस या फिर कभी-कभी डायरिया जैसी समस्या भी हो सकती है.

कैफीन की मात्रा

कुछ लोग खाली पेट चाय पीते हैं. इसमें कैफीन की मात्रा होती है और इसकी वजह से कुछ लोगों को एसिडिटी या गैस की समस्या हो सकती है. या एसिड रिफ्लक्स भी हो सकता है. अगर दिनभर में बहुत ज्यादा चाय पीते हैं तो उनको ये समस्या हर समय परेशान कर सकती है. खाली पेट चाय पीना गलत है. एक्सपर्ट कहते हैं कि इसके साथ कुछ खाना जरूरी है.

चाय पीने की टाइमिंग

चाय पीने की टाइमिंग भी मैटर करती है. ये जानना जरूरी है कि हम दूध वाली चाय पीते हैं तो हमें किस वक्त एसिडिटी होती है. कई बार सुबह ज्यादा चाय पीने से दिक्कत हो सकती है या फिर शाम को पीने से ये प्रॉब्लम परेशान करती है. इसलिए तीन चीजों का खास ध्यान रखें. ज्यादा मात्रा में चाय न पिएं, खाली पेट सेवन न करना और सही टाइम का ध्यान रखना भी जरूरी है.

ये आदतें भी बनती हैं एसिडिटी की वजह

एसिडिटी या एसिड रिफ्लक्स की बड़ी वजह हमारा बिगड़ा हुआ लाइफस्टाइल और खराब खानपान है.

अधिकतर लोगों का रूटीन बिगड़ा हुआ है. इनमें ज्यादातर खुद को जरा भी फिजिकली एक्टिव नहीं रखते हैं. इस वजह से मेटाबॉलिक रेट के बिगड़ने समेत कई हेल्थ प्रॉब्लम्स शरीर में बनने लगती है. हमें कम से कम 30 मिनट के लिए एक्टिव जरूर रहना चाहिए.

तला-भुना या मैदा से बनी चीजों को खाने की आदत भी पाचन तंत्र को कमजोर बनाती है. भारत में लोग रिफाइंड या दूसरे ऑयल में बनी चीजों को खूब खाते हैं. इस वजह से पाचन तंत्र और गट हेल्थ बिगड़ती है. ऐसे में हर समय एसिडिटी की समस्या बनी रहती है.