{"vars":{"id": "123258:4912"}}

पंचकूला चुनाव: AAP ने जारी किया घोषणापत्र, सुशील गुप्ता ने भाजपा पर लगाए बड़े घोटाले के आरोप

आम आदमी पार्टी ने पंचकूला नगर निगम चुनाव के लिए घोषणापत्र जारी किया। डॉ. सुशील गुप्ता ने बैंक घोटाले और भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाकर बदलाव की अपील की।

 

पंचकूला: आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को पंचकूला नगर निगम चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया. आप पार्टी के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर सुशील गुप्ता ने सेक्टर 16 स्थित अग्रवाल भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी. उनके साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता, मेयर पद के उम्मीदवार राजेश मनोचा और पार्टी के सभी वार्ड प्रत्याशी मौजूद रहे. इस दौरान डॉक्टर गुप्ता ने भाजपा शासित निगमों में बड़े घोटाले और भ्रष्टाचार होने की बात कही, जिनमें पंचकूला के बैंक घोटाले की ओर ध्यान आकृष्ट कराया.

भाजपा-कांग्रेस के शासन में भ्रष्टाचार: डॉक्टर सुशील गुप्ता ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि "पिछले वर्षों में पंचकूला नगर निगम भ्रष्टाचार का केंद्र बन गया है. सड़कों के निर्माण से लेकर बैंक फ्रॉड और टेंडर आवंटन तक, हर जगह घोटाला हुआ है." उन्होंने कांग्रेस और भाजपा दोनों को 'वंशवाद की जननी' बताते हुए कहा कि केवल आम आदमी पार्टी ही आम घरों के युवाओं को नेतृत्व का मौका दे रही है.

पंचकूला समेत अन्य निगमों में घोटाले: सुशील गुप्ता ने पंचकूला में भाजपा के मेयर के रहते हुए एफडी के रूप में 158 करोड़ रुपये का बैंक घोटाला होने पर सवाल खड़ा किया. उन्होंने कहा कि उच्च स्तर के संरक्षण के बिना ऐसा घोटाला होना मुश्किल होता है, लेकिन मेयर पर कोई कार्रवाई नहीं की गई. इसके अलावा उन्होंने फरीदाबाद नगर निगम में एक हजार करोड़ रुपये की अदायगी किए जाने की बात कही, लेकिन केवल कागजों में काम दिखाया गया.

अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप: सुशील गुप्ता ने कहा कि "आप पार्टी ने जब लगातार अनशन और घेराव किया, तब भी केवल ठेकेदार और छोटे अधिकारियों पर कार्रवाई की गई. लेकिन किसी बड़े जिम्मेदार आरोपी को नहीं पकड़ा गया." इसके अलावा डॉक्टर गुप्ता ने सिरसा नगर निगम के सौंदर्यकरण के नाम पर भी 40 करोड़ रुपये हड़पने के आरोप लगाए. इसके अलावा करनाल और पानीपत नगर निगम में भी घोटाले के आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि साक्ष्य दिखाए जाने के बावजूद भाजपा की लीडरशिप द्वारा न तो कोई कार्रवाई की गई और न ही कोई केस दर्ज कराया गया. उन्होंने आरोप लगाए की जो पैसा निगम में आता है, वह अधिकारियों और नेताओं की जेब में चला जाता है.

7 मई की महारैली का आह्वान: सुशील गुप्ता ने पंचकूला वासियों को 7 मई को सेक्टर-16 मे अग्रवाल भवन के पास होने वाली विशाल जनसभा के लिए आमंत्रित किया. उन्होंने बताया कि इस जनसभा में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया, सांसद संजय सिंह और पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा जैसे दिग्गज नेता शिरकत करेंगे, जो पंचकूला के बदलाव का रोडमैप साझा करेंगे. सुशील गुप्ता ने पंचकूला के लोगों से मेयर पद के उम्मीदवार, राजेश मनोचा और सभी वार्ड प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की. उन्होंने कहा कि "ये चुनाव केवल पार्षद या मेयर चुनने का नहीं, बल्कि पंचकूला के सिस्टम को बदलने का चुनाव है. एक मौका केजरीवाल को दें, पंचकूला की तस्वीर बदल देंगे."