अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला: राम मंदिर दान विवाद से लेकर महंगाई तक घेरा
आगरा में अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को घेरा। राम मंदिर दान चोरी, महंगाई, और डॉलर की गिरावट पर बोला हमला। कहा- भाजपा ने 'विश्व गुरु' बनने का मौका गंवाया।
समाजवादी पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव ने रविवार को आगरा में मीडिया से बात करते हुए बीजेपी सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने राम मंदिर कथित दान चोरी को लेकर सरकार पर तंज कसा. अखिलेश यादव ने कहा कि अधिकारी अब हमारे भगवान के पुजारियों की जांच करेंगे. ये सनातन का अपमान है. सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अखिलेश ने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर फेल साबित हो रही है. अब भगवान के पुजारियों को भी घेरा जा रहा है.
केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आज डॉलर बढ़ रहा है और रुपया गिर रहा है. आसान शब्दों में कहें तो डॉलर के बढ़ने से चाय जैसी चीजें महंगी हो जाएंगी. जिन्होंने ‘स्मार्ट सिटी’ का वादा किया था, उन्होंने स्मार्ट मीटर लगाए, लेकिन मैं उन किसानों की तारीफ करता हूं जिन्होंने उन्हें उखाड़कर फेंक दिया. योगी सरकार पर हमला बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि महंगाई और भ्रष्टाचार बढ़ रहे हैं, और उनके मंत्री बेईमानी कर रहे हैं. आपने सुना होगा कि एक मंत्री का काम कम कर दिया गया. यानी उनकी भूमिका आधी कर दी गई. और मैं आपको यकीन दिलाता हूं कि आने वाले चुनावों में उनके कई विधायकों का टिकट कट जाएगा.
INDIA गठबंधन कर रहा ‘दोहरी’ तैयारी
एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि मैं INDIA गठबंधन या कांग्रेस पर बहस नहीं करना चाहता. सच तो यह है कि बीजेपी को तभी हराया जा सकता है जब INDIA गठबंधन एकजुट रहे. बीजेपी सभी 403 सीटों के लिए तैयारी कर रही है, और हम भी ऐसा ही कर रहे हैं. इसका मतलब है कि INDIA गठबंधन असल में ‘दोहरी’ तैयारी कर रहा है.
राजनीतिक व्यवहार और मर्यादा की कमी बीजेपी ने पैदा की
समाजवादी पार्टी और मैंने व्यक्तिगत रूप से हमेशा संयम बरतने और सोच-समझकर शब्द चुनने की कोशिश की है. इसके उलट, बीजेपी में कई ऐसे लोग हैं जो लोकतंत्र में किसी की परवाह नहीं करते और न ही किसी की गरिमा का सम्मान करते हैं. वे ऐसी भाषा का इस्तेमाल करते हैं जिसकी हम कल्पना भी नहीं कर सकते. हमने कभी ऐसा राजनीतिक व्यवहार या राजनीतिक मर्यादा की ऐसी कमी नहीं देखी जैसी बीजेपी ने पैदा की है.
चेले चपाटे वाले बयान पर अखिलेश का हमला
योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भारी मात्रा में गांजा जब्त किया जा रहा है. पहले जब्ती ज्यादातर गोरखपुर में होती थी, लेकिन अब यह पूरे राज्य में हो रही है. सीएम योगी के चेले चपाटे वाले बयान पर अखिलेश यादव ने कहा, “अपने गुरुओं को कौन संभालेगा? उस विषय को नहीं छेड़ना चाहता हूं. देश में बीजेपी ने नकारात्मक पॉलिटिक्स की है. हजारों करोड़ रुपये वे इस बात के लिए खर्च करते हैं कि किसी की छवि कैसे खराब की जाए. 2017 से पहले सीएम योगी की पहचान नहीं थी. 2017 से पहले लोग उनको नहीं जानते थे.”
बीजेपी ने ‘विश्व गुरु’ बनने का मौका गंवाया
अमेरिका-इजराइल और ईरान युद्ध को लेकर भी अखिलेश यादव ने बड़ा बयान दिया है. अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी ने ‘विश्व गुरु’ बनने का मौका गंवा दिया. अगर विमान को इजराइल की जगह ईरान में उतारा गया होता. ठीक वैसे ही जैसे उन्होंने पाकिस्तान में उतारा था, तो यह युद्ध नहीं होता. जो लोग जहाज से यात्रा कर रहे थे, वे मारे गए और इसके लिए भारत सरकार की कमजोर नीति जिम्मेदार है.
ममता बनर्जी पर केस दर्ज होने पर बिफरे अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा कि बंगाल चुनावों में हमने देखा कि ममता दीदी के खिलाफ केस दर्ज किया गया, जबकि हमारे मुख्यमंत्री अपने ऊपर लगे गंभीर आरोपों वाले केस वापस ले लेते हैं. बंगाल में बीजेपी सरकार के सत्ता में आने के बाद, उन्होंने एक लोकप्रिय मुख्यमंत्री के खिलाफ केस दर्ज करना शुरू कर दिया; लोकतंत्र के लिए इससे ज्यादा खतरनाक क्या हो सकता है?