बावल दौरा: सीएम सैनी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान देंगे सौगात
रेवाड़ी: सीएम बनने के बाद नायब सिंह सैनी और केंद्र में कृषि मंत्री बनने के बाद शिवराज सिंह चौहान 30 जून को पहली बार बावल आएंगे। इस दौरान लगभग 150 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इस मौके पर बावल की जनता को सीएम और केंद्रीय मंत्री से हलके के लिए किसी बड़ी सौगात का इंतजार भी रहेगा। लंबे समय के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री का इलाके में आगमन हो रहा है। इससे पूर्व गत वर्ष 6 जून को कृषि राज्यमंत्री चौ. भागीरथ जिले में आए थे। कैबिनेट मंत्री के रूप में संभवतया राव बिरेंद्र सिंह के बाद शिवराज चौहान बावल में आ रहे हैं।
कृषि मंत्री मंगलवार को बावल के चौ. चरण सिंह कृषि अनुसंधान केंद्र में खेत बचाओ अभियान का समापन करेंगे। सीएम कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे, जबकि केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और प्रदेश के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा कार्यक्रम विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। केंद्र सरकार की ओर से कृषि के क्षेत्र में चलाई जा रही कई परियोजनाओं को केंद्रीय मंत्री किसानों को समर्पित करेंगे। वह कार्यक्रम के दौरान किसानों से सीधा संवाद करेंगे।
देश भर से बड़ी संख्या में आने वाले कृषि वैज्ञानिक और विशेषज्ञ किसानों के साथ महत्पूर्ण और उन्नत खेती से संबंधित जानकारियां सांझा करेंगे। इस कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा चुका है। भीड़ जुटाने के लिए विधायक डा. कृष्ण कुमार, जिलाध्यक्ष डा. वंदना पोपली और और राव र समर्थकों ने ने पूरी ताकत लगाई हुई है। पार्टी के सभी पदाधिकारियों को भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी दी गई है। किसानों को जानकारी देने के लिए स्टाल लगाई जाएंगी। उन्हें कृषि की नवीनतम तकनीकों के बारे में बताया जाएगा।
पहले आगमन पर हुई 'मनोहर' घोषणा
मनोहर लाल का सीएम बनने के बाद बावल में पहला आगमन वर्ष 2015 में हुआ था। तत्कालीन मंत्री डा. बनवारीलाल के आग्रह पर उन्होंने मनेठी गांव में एम्स खुलवाने की बड़ी घोषणा की थी। हालांकि बाद में उन्होंने अपनी ही घोषणा को 'फिजिबल नहीं बताते हुए पल्ला झाड़ लिया था, लेकिन इसके बाद क्षेत्र के लोगों के आंदोलन और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के प्रयासों से एम्स का सपना साकार होता चला गया। अब नायब सिंह के आगमन पर भी लोगों को किसी बड़ी घोषणा का इंतजार है।