{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Bhiwani Congress Clash: भिवानी में कांग्रेस की बैठक में हंगामा, प्रभारी संजय दत्त के सामने भिड़े दो गुट

भिवानी के तिलक भवन में कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त की मौजूदगी में फौजी और नरवाल समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक और हाथापाई हुई।
 

कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठित होकर काम करने का पाठ पढ़ाने आए कांग्रेस प्रदेश प्रभारी संजय दत्त के सामने फौजी और नरवाल गुट के कार्यकर्ता आपस में जमकर भीड़ गए। बात वाद विवाद तक न होकर नारेबाजी और हाथापाई तक आ गई जिसे देख प्रभारी भी भौचक्के रह गए। 

दरअसल, भिवानी के तिलक भवन में कांग्रेस ने जिलास्तरीय संवाद बैठक का आयोजन किया था। प्रभारी जब बवानीखेड़ा हल्के के कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत रहने की नसीहत दे रहे थे तभी एक गुट के आरोपों के कारण अखाड़े में तब्दील हो गई। हरियाणा कांग्रेस प्रभारी  की मौजूदगी में ही कार्यकर्ता आपस में जमकर भीड़े जैसे वो पहले से तैयारी करके आए थे। बैठक में  हंगामा और तीखी नोकझोंक हुई, जिसके चलते प्रभारी को बोलने तक का मौका नहीं मिला।

बताया जा रहा है कि बवानीखेड़ा से कांग्रेस प्रत्याशी रहे प्रदीप नरवाल के समर्थकों ने पूर्व विधायक रामकिशन फौजी पर चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों (खिलाफत) का आरोप लगाया। नरवाल समर्थकों ने आलाकमान से फौजी को तुरंत पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाने की मांग की। उधर फौजी समर्थकों का आरोप है कि बैठक में रामकिशन फौजी को बोलने का मौका नहीं दिया गया। समर्थकों का तर्क था कि बवानीखेड़ा सीट से बाहरी उम्मीदवार को टिकट दिया गया, जिसके कारण चुनाव परिणाम पार्टी के पक्ष में नहीं रहे।

ये आरोप प्रत्यारोप लगते ही प्रभारी के सामने ही दोनों गुटों के बीच हुई नारेबाजी और कहासुनी ने तिलक भवन के माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। आलाकमान के प्रतिनिधि की मौजूदगी में हुए इस घटनाक्रम ने एक बार फिर पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी को सार्वजनिक कर दिया है।