{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Haryana Political News: हुड्डा बोले- 12 साल में बढ़कर 5.50 लाख करोड़ हुआ कर्ज, उकलाना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को किया संबोधित

पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने उकलाना में बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। कहा- पिछले 12 साल में हरियाणा कर्ज और अपराध में नंबर 1 बना।
 

हिसार : पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि 2005 से 2014 तक कांग्रेस सरकार ने हरियाणा को प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश, रोजगार सृजन, सरकारी नौकरियां देने, खिलाड़ियों का सम्मान, किसानों को फसलों का उचित मूल्य देने, बुजुर्गों का मान-सम्मान, महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के मामले में देश का नंबर वन राज्य बनाया था, लेकिन पिछले 12 साल में भाजपा ने प्रदेश को बेरोजगारी, अपराध, नशा, भ्रष्टाचार और कर्ज के मामले में नंबर वन राज्य बना दिया है.

भूपेंद्र हुड्डा का बीजेपी पर निशाना: उन्होंने कहा कि 1966 में हरियाणा बनने से लेकर 2014 तक प्रदेश पर कुल कर्ज करीब 70 हजार करोड़ रुपये था, जो भाजपा सरकार के दौरान बढ़कर 5.50 लाख करोड़ रुपये हो चुका है. इस दौरान BJP सरकार ने ना एक इंच मेट्रो आगे बढ़ाई, ना कोई नई रेलवे लाइन बिछाई, ना कोई बड़ी परियोजना स्थापित की, ना कोई मेडिकल कॉलेज बनाया और ना ही कोई बड़ा शिक्षण संस्थान खोला. ऐसे में सवाल है कि ये लाखों करोड़ रुपये किसकी जेब में गए? इसका जवाब भाजपा सरकार के दौरान रोज उजागर हो रहे घोटालों से मिल जाता है. आज नौकरियों से लेकर बैंकिंग तक हर क्षेत्र में ताबड़तोड़ घोटाले हो रहे हैं.

'हरियाणा देश का असुरक्षित राज्य': हुड्डा ने आरोप लगाया कि इस सरकार ने कानून-व्यवस्था का ऐसा हाल बना दिया है कि प्रदेश का हर व्यक्ति खुद को असुरक्षित महसूस करता है. केंद्र सरकार द्वारा जारी सामाजिक प्रगति सूचकांक भी कहता है कि हरियाणा देश का सबसे असुरक्षित राज्य है. कानून-व्यवस्था के बंटाधार की वजह से नया निवेश नहीं आ रहा और नए रोजगार नहीं पैदा हो रहे. यह सरकार हरियाणा के युवाओं को पक्की सरकारी नौकरियां भी नहीं दे रही. कौशल रोजगार निगम के नाम पर धोखाधड़ी कर रही है और योग्य युवाओं को 15-15 हजार रुपये की कच्ची नौकरियों के हवाले किया जा रहा है. कांग्रेस हर मंच से इसके खिलाफ आवाज बुलंद करेगी.

चुनाव को दो साल बीत चुके हैं. अब हमें आगे की सोचनी है. हमें कार्यकर्ताओं को साथ लेकर इस सरकार के खिलाफ संघर्ष करना है. भाजपा झूठ बोलकर सत्ता में आई. उसने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन आय की बजाय लागत कई गुना बढ़ा दी. आज हाल यह है कि किसानों को फसलों का उचित भाव मिलना तो दूर, खाद तक नहीं मिल पाती.

उकलाना में कांग्रेस का ब्लॉक स्तरीय सम्मेलन: भूपेंद्र हुड्डा ने शनिवार को उकलाना में कांग्रेस के ब्लॉक स्तरीय सम्मेलन को संबोधित किया. उनके साथ मंच पर सांसद जय प्रकाश, विधायक नरेश सेलवाल, विधायक चंद्रप्रकाश, रामनिवास घोड़ेला, अनिल मान, जस्सी पेटवाड़, बजरंग गर्ग, प्रोफेसर वीरेंद्र, प्रदीप बेनीवाल, जिला व ब्लॉक प्रधान व कार्यकर्ता मौजूद रहे.

कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी का कांग्रेस पर निशाना: चरखी दादरी में हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बड़ा दिल दिखाते हुए सफाई कर्मचारियों की सभी मांगों पर सहमति देकर आंदोलन को शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त कराया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी परिवारवाद, जातिवाद और क्षेत्रवाद से बाहर नहीं निकल सकती. उनका संकल्प केवल भाई-भतीजावाद और अपने परिवारों को टिकट व पद दिलाने तक सीमित है.