{"vars":{"id": "123258:4912"}}

रोहतक: हुड्डा का सरकार पर प्रहार, बोले- 'यह नॉन परफॉर्मिंग गवर्नमेंट है'

रोहतक में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा सरकार को 'नॉन परफॉर्मिंग' बताया। बिजली संकट, बैंक घोटाले और राम मंदिर चंदे के मुद्दे पर सरकार को जमकर घेरा।

 

रोहतक: हरियाणा विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा सोमवार को रोहतक पहुंचे. उन्होंने यहां कांग्रेस भवन में कबीर जयंती के अवसर पर लगाए गए भंडारा में खुद ही कार्यकर्ताओं को प्रसाद बांटा. इस दौरान उन्होंने संत कबीर को याद किया. उन्होंने कहा कि "संत कबीर ऐसे समय में पैदा हुए थे जब समाज में विभिन्न प्रकार की त्रुटियां थीं और उन्होंने समाज को एकजुट करने का काम किया."

'कांग्रेस ने अपने शासन काल में बिजली संकट दूर किया था': बाद में पत्रकारों से बातचीत में पूर्व मुख्यमंत्री ने विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा की. उन्होंने प्रदेश में बिजली संकट का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. उन्होंने कहा कि "वर्ष 2005 से पहले बिजली के मुद्दे पर ही हरियाणा में सरकार बनती और गिरती थी लेकिन कांग्रेस सरकार के करीब पौने 10 साल के शासन काल में बिजली संकट को दूर किया गया. इस दौरान 4 थर्मल पावर प्लांट, एक न्यूक्लीयर पावर प्लांट लगाया और सस्ती बिजली के लिए निजी कपंनियों से भी समझौते किए गए.

12 साल में एक भी बिजली की नई यूनिट पैदा नहीं: वर्ष 2014 में जब प्रदेश से कांग्रेस सरकार गई थी, उस समय हरियाणा में सरप्लस बिजली थी. लेकिन मौजूदा सरकार ने पिछले करीब 12 साल के दौरान एक भी बिजली की नई यूनिट पैदा नहीं की. यही वजह है कि अब न कृषि क्षेत्र को बिजली मिल रही है और न ही आमजन को.

'यह नॉन परफॉर्मिंग गवर्नमेंट है': इसके अलावा हरियाणा में अन्य प्रकार के भी विकास कार्य नहीं हुए. इस सरकार ने एक किलोमीटर नई रेलवे लाइन नहीं बिछाई और न ही मेट्रो का हरियाणा में विस्तार हुआ. अन्यथा अब तक रोहतक, पलवल, मानेसर और सोनीपत में एजुकेशन सिटी तक मेट्रो आ जाती. उन्होंने कहा कि यह नॉन परफॉर्मिंग गवर्नमेंट है.

'घोटाले में एसआईटी तो बनती है लेकिन नतीजा नहीं निकलता': हरियाणा में बैंक घोटाले में कई आईएएस अधिकारियों के नाम आने पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि "हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट के सीटिंग जज की देखरेख में जांच होनी चाहिए. दोषी बचना नहीं चाहिए और निर्दोष फंसना नहीं चाहिए. यही नहीं ऐसे तो कई घोटाले हैं लेकिन जब से बीजेपी प्रदेश में सत्ता में आई है, जांच के लिए एसआईटी तो बनती है लेकिन नतीजा नहीं निकलता. इससे बड़ा तो धान घोटाला था. वहीं, अब पंचकूला में जमीन का घोटाला सामने आया है, उसकी भी जांच होनी चाहिए."

जरूरतमंदों को पानी मुहैया कराना सरकार का कामः हांसी जिला के चैनत (चानौत) गांव में पानी की समस्या पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पानी पर ग्रामीणों का हक है लेकिन हांसी शहर को भी पानी मिलना चाहिए और चैनत गांव को भी. यह सरकार का काम है कि जरूरतमंदों को पानी मुहैया करवाए.

'यह लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ है': पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अयोध्या में राम मंदिर के चंदे में चोरी के मुद्दे पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि "यह लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ है. लोगों ने अपने घर से सोना और चांदी मंदिर में दान दिया था. अब यह बड़ा ही गंभीर मामला है. इसलिए इस मामले की गहनता से जांच होनी चाहिए. दोषी कोई भी हो, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. वहीं, पश्चिम बंगाल में समान नागरिक संहिता लागू करने के फैसले पर हुड्डा ने कहा कि "भाजपा का मकसद विकास से नहीं बल्कि टकराव से है."