भूपेंद्र हुड्डा का सरकार पर हमला, राम मंदिर चंदा चोरी की निष्पक्ष जांच मांगी
रोहतक में भूपेंद्र हुड्डा ने राम मंदिर चंदा चोरी और हरियाणा बैंक घोटाले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की। सरकार को घेरा, कहा- यह घोटालों की सरकार है।
रोहतक : पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस प्रतिपक्ष नेता हरियाणा भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर प्रदेश और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने राम मंदिर से जुड़े मामले को आस्था से जुड़ा विषय बताते हुए इसकी उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की। रोहतक में कबीर जयंती के अवसर पर कांग्रेस भवन में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस प्रतिपक्ष नेता हरियाणा भूपेंद्र सिंह हुड्डा पहुंचे थे।
हुड्डा ने कहा कि यह करोड़ों लोगों की आस्था का मामला है, इसलिए इसकी पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच ऐसी होनी चाहिए जिसमें दोषी किसी भी कीमत पर बच न पाए और निर्दोष व्यक्ति को बेवजह परेशान न किया जाए। उनका कहना था कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच से ही लोगों का विश्वास कायम रहेगा।
पश्चिम बंगाल में यूसीसी लागू करने के सवाल पर हुड्डा ने कहा कि सरकार का काम लोगों के बीच भाईचारा और विकास को बढ़ावा देना है, लेकिन मौजूदा सरकार विकास के मुद्दों से ध्यान भटकाकर समाज को आपस में बांटने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर गंभीर नहीं है।
हरियाणा बैंक घोटाले का जिक्र करते हुए हुड्डा ने कहा कि मामले में कई आईएएस अधिकारियों के नाम सामने आए हैं। ऐसे में इसकी जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी या फिर हाई कोर्ट अथवा सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त या वर्तमान जज की निगरानी में कराई जानी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों पर कार्रवाई हो।
उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा में धान घोटाला, किलोमीटर स्कीम सहित कई बड़े घोटाले हुए हैं, लेकिन सरकार किसी भी मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराती। उन्होंने कहा कि यह घोटालों की सरकार बन चुकी है और जवाबदेही से बचने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कबीर जयंती पर संत कबीर के विचारों को याद करते हुए सामाजिक सद्भाव और समानता का संदेश भी दिया।