सोनीपत: दीपेंद्र हुड्डा का सरकार पर वार; 'अपराध में देश की राजधानी बना हरियाणा'
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने सोनीपत में बढ़ते अपराध, विनेश फोगाट के ट्रायल और तेल की कीमतों पर हरियाणा सरकार को घेरा। कहा- व्यापारियों को आ रही फिरौती की कॉल।
सोनीपत : हरियाणा कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री राज्य की बजाय पंजाब की बात करने में व्यस्त हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा में हर रोज़ विदेशों से व्यापारियों को फोन कॉल आ रही हैं, गैंगस्टर उन्हें धमका रहे हैं और वसूली की कोशिश कर रहे हैं।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि अपराध के मामले में हरियाणा देश की राजधानी बनता जा रहा है, जो चिंता का विषय है। हुड्डा सोनीपत के गांव गढ़ी बाला पहुंचे थे, जहां उन्होंने अमन नामक युवक की हत्या के बाद शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर हरियाणा सरकार पर कड़ा प्रहार किया।
विनेश फोगाट के मामले में दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि विनेश के ट्रायल पर कोर्ट के फैसले को लेकर भी भारतीय कुश्ती संघ और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुश्ती संघ विनेश फोगाट को ट्रायल से वंचित रखना चाहता था, लेकिन कोर्ट के फैसले से विनेश फोगाट की जीत हुई है। उनके अनुसार, कुश्ती संघ हरियाणा के खिलाड़ियों के साथ भेदभाव कर रहा है और हरियाणा के खिलाड़ियों के प्रति दुर्भावनापूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि अब एशियाई खेल और कॉमनवेल्थ गेम्स गुजरात में होंगे, जबकि खेल मंत्री भी गुजरात से हैं, फिर भी वे इस पूरे मामले पर चुप हैं। ईंधन के दामों में बढ़ोतरी पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था अब खोखली हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम कम होने के बावजूद निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
उनका कहना था कि दाम वास्तविक रूप से नहीं बढ़ रहे, बल्कि सरकार टैक्स वसूलकर घाटा भरने का काम कर रही है, जिसका सीधा बोझ आम जनता पर पड़ रहा है।