{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Meerut to Rajasthan National Highway: झज्जर से राजस्थान बॉर्डर तक फोरलेन सड़क को लेकर दीपेंद्र हुड्डा ने कही यह बड़ी बात

सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने हरियाणा के बाढड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सरकार से सूखे पर मुआवजे की मांग की।
 

चरखी दादरी: कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा के बाढड़ा में आयोजित ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेते हुए केंद्र और राज्य सरकार की किसान और युवा नीतियों पर जमकर निशाना साधा. दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि "प्रदेश में बारिश की भारी कमी और नहरी पानी की किल्लत से दादरी, भिवानी सहित कई जिलों के किसान संकट में हैं." उन्होंने मांग की कि सरकार तुरंत इन क्षेत्रों को सूखाग्रस्त घोषित कर विशेष गिरदावरी कराए और किसानों को प्रति एकड़ उचित मुआवजा दे. कार्यक्रम में सांसद ने पार्टी के कई पूर्व विधायकों के अलावा पदाधिकारियों संग कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियां जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया.

राजस्थान बॉर्डर तक कनेक्टिविटी पर मंत्रालय से मिला है आश्वासनः दीपेंद्र हुड्डा ने अंतरराज्यीय कनेक्टिविटी का उल्लेख करते हुए बताया कि "यूपी सीमा (मेरठ) से हरियाणा होते हुए राजस्थान बॉर्डर तक कनेक्टिविटी देने वाली जिस राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना को 2013 में कांग्रेस शासन में अधिसूचित कराया गया था, उसका काम झज्जर के बाद अटका हुआ है." उन्होंने कहा कि "मैंने हाल ही में संसद सत्र के दौरान इस मुद्दे को मजबूती से उठाया है. मंत्रालय से आश्वासन मिला है कि झज्जर से आगे दादरी, बाढड़ा और लोहारू होते हुए राजस्थान बॉर्डर तक फोरलेन का कार्य जल्द आगे बढ़ेगा. हम इस कॉरिडोर को दिल्ली से सबसे छोटे मार्ग के रूप में विकसित कराने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं.

जनता महंगाई से त्रस्त, बीजेपी नेता कॉलोनियां काटने में मस्त हैं: सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए झूठे वादे किए गए थे. एचकेआरएन के जरिए पक्की नौकरियों को कच्चा कर बैकडोर एंट्री की जा रही है, जिससे राज्य के युवाओं का हक छीना जा रहा है. आज जनता महंगाई और कष्टों से त्रस्त है, जबकि सत्ताधारी नेता जनसमस्याओं से बेपरवाह होकर अपनी बीजेपी नेता कॉलोनियां काटने में मस्त हैं.