{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Bengal Politics: बंगाल में बनेगी BJP की पूर्ण बहुमत सरकार, धर्मेंद्र प्रधान का ममता सरकार पर प्रहार

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने झारग्राम में कहा- बंगाल की जनता भ्रष्टाचार और दमन के खिलाफ वोट देगी। मालदा हिंसा का जिक्र कर ममता सरकार पर साधा निशाना।

 

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने झारग्राम में टीएमसी की सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बंगाल में बीजेपी की पूर्ण बहुमत से सरकार बनेगी. उन्होंने कहा, “इस बार बंगाल की जनता चुनाव लड़ रही है. इस बार जनता भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और दमनकारी सिस्टम के खिलाफ निर्णायक वोट देने जा रही है. एक डर-मुक्त, महिला-दमन-मुक्त बंगाल चाहिए.”

उन्होंने कहा कि यहां सरकार जनता के लिए नहीं, बल्कि अपने फायदे के लिए है… क्या सुवेंदु अधिकारी, समिक भट्टाचार्य और दिलीप घोष बाहरी हैं? बंगाल की जनता ने इस बार मन बना लिया है, हमें पूरी बहुमत मिलेगी.

धर्मेंद्र प्रधान ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल धीरे-धीरे संवैधानिक कंट्रोल से बाहर जा रहा है और दावा किया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के राज में राज्य अब सुरक्षित नहीं है, उन्होंने मालदा की घटना का उदाहरण दिया.उन्होंने कहा कि राज्य के लोग तृणमूल कांग्रेस सरकार के कुशासन से “तंग” आ चुके हैं और बदलाव चाहते हैं, साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पूरे बंगाल में पार्टी के लिए समर्थन बढ़ रहा है.

बंगाल में बनेगी डबल इंजन की सरकार

झारग्राम पहुंचने के बाद, प्रधान ने अपनी पार्टी का भरोसा दोहराया और कहा कि मौजूदा राजनीतिक माहौल राज्य में “डबल-इंजन” सरकार बनने का संकेत देता है.

मीडिया से बात करते हुए प्रधान ने कहा, “बंगाल धीरे-धीरे संवैधानिक कंट्रोल से बाहर होता जा रहा है. मुख्यमंत्री ममता, जो अभी शासन की जिम्मेदारी संभाल रही हैं, उनके पास अब लोगों को अच्छा शासन देने का कोई एजेंडा नहीं है. शासन का यह तरीका, जो समाज के अलग-अलग हिस्सों में डर और आतंक फैलाने और जनता को डराने पर निर्भर करता है, संविधान के खिलाफ है.”

केंद्रीय मंत्री ने मालदा जिले में हाल ही में हुई एक घटना का जिक्र किया, जहां वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) से जुड़े काम के लिए तैनात न्यायिक अधिकारियों को कथित तौर पर भीड़ ने घेर लिया और उन पर हमला कर दिया, और इसे बिगड़ते कानून-व्यवस्था का “उदाहरण” बताया.

ममता बनर्जी के शासन में बंगाल की जनता सुरक्षित नहीं

उन्होंने कहा कि मालदा जिस तरह की घटना घटी है. उसका यह बड़ा उदाहरण है. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि सुप्रीम कोर्ट को बयान देना पड़ा, और सेना को तैनात करना पड़ा. ऐसा किसी ऐसे राज्य में नहीं होता जहां कानून-व्यवस्था ठीक हो. ममता बनर्जी के शासन में बंगाल की जनता सुरक्षित नहीं है.

प्रधान ने आगे कहा कि पिछले दस सालों में, BJP पश्चिम बंगाल में एक बड़ी राजनीतिक ताकत बन गई है, जो पिछले चुनावों में उसके प्रदर्शन को दिखाता है.

उन्होंने कहा, “BJP ने राज्य में कई लोकसभा सीटें जीती हैं. पिछले विधानसभा कार्यकाल में यह मुख्य विपक्षी पार्टी के रूप में भी उभरी थी. इस बार, बंगाल के लोगों ने राज्य में डबल इंजन वाली सरकार बनाने का पक्का इरादा कर लिया है.”