{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Haryana Grievances Committee: किसान से बदतमीजी और बिजली निगम की लापरवाही पर भड़के मंत्री कृष्ण कुमार बेदी

फतेहाबाद में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

फतेहाबाद: जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में मंगलवार को कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने 13 मामलों की सुनवाई की. इनमें से 8 मामलों का मौके पर निपटारा किया गया, जबकि 5 मामलों को आगामी कार्रवाई के लिए लंबित रखा गया. बैठक के दौरान अधिकारियों की लापरवाही और किसान से कथित बदतमीजी का मामला सामने आने पर मंत्री ने सख्त रुख अपनाया.

खाल निर्माण में लापरवाही पर कार्रवाई: गांव नाडोढ़ी में खाल खुलवाने से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान सिंचाई विभाग के एसडीओ पर लापरवाही के आरोप लगे. मामले में मंत्री ने एसडीओ से स्पष्टीकरण मांगा और तय समय तक जवाब नहीं देने पर निलंबन की कार्रवाई के आदेश दिए. मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि सरकारी काम में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगी.

किसान ने बिजली निगम पर लगाए आरोप: वहीं, बैठक में फतेहाबाद के गांव मढ़ के किसान ने बिजली आपूर्ति से जुड़ी शिकायत मंत्री के सामने रखी. किसान ने आरोप लगाया कि उसके खेत को जिस फीडर से बिजली मिलती है, वहां आपूर्ति में लापरवाही बरती जा रही है. किसान ने बिजली निगम के कर्मचारियों पर काम के बदले पैसे मांगने का आरोप भी लगाया.

"जो पुंझड़ पाड़ना है, पाड़ लो": किसान ने अधिकारियों पर कथित बदतमीजी का आरोप लगाते हुए कहा कि उससे कहा गया कि "तेरा काम नहीं करेंगे, जो पुंझड़ पाड़ना है पाड़ ले." किसान की यह बात सुनकर मंत्री कृष्ण कुमार बेदी नाराज हो गए और उन्होंने बिजली निगम के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई. मंत्री ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से कहा कि, "दिखाओ कितना बड़ा है तुम्हारा पुंझड़." इस दौरान उन्होंने संबंधित बिजली निगम की एसडीओ को भी फटकार लगाई. मामले में मंत्री ने लाइनमैन कश्मीर सिंह को चार्जशीट करने के आदेश जारी किए.

"छोटे मामले ऊपर नहीं आने चाहिए": कृष्ण कुमार बेदी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान करें. उन्होंने कहा कि, "अगर अधिकारी सही तरीके से काम करें तो छोटे-छोटे मामले मेरे पास नहीं आएंगे और सरकार भी बदनाम नहीं होगी. अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहना चाहिए."

कांग्रेस पर भी साधा निशाना: बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री ने कांग्रेस के वोट चोरी के आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि, "बिहार, पश्चिम बंगाल जैसे कई राज्यों में कांग्रेस कई वर्षों से सत्ता में नहीं आ रही. जब से बैलेट पेपर से वोट डाले जाते थे, तब भी कांग्रेस वहां नहीं थी. ऐसे में वोट चोरी के आरोप कहां ठहरते हैं? कांग्रेसियों को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए."