{"vars":{"id": "123258:4912"}}

गुरुग्राम आयुध डिपो मामला: विधायक मुकेश शर्मा ने रक्षा मंत्री को सौंपा ज्ञापन

गुरुग्राम आयुध डिपो के 900 मीटर प्रतिबंधित दायरे के निवासियों के लिए बड़ी खबर। विधायक मुकेश शर्मा ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से की मुलाकात, नई अधिसूचना की मांग।

 

गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम से बीजेपी विधायक मुकेश शर्मा ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से उनके दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात की. इस दौरान बीजेपी विधायक ने रक्षा मंत्री को कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए ज्ञापन सौंपा. जिसमे सबसे बड़ा मुद्दा 900 मीटर के आयुध डिपो का था. सबसे प्रमुख मुद्दा 900 मीटर आयुध भंडार प्रतिबंधित का था. जिसको लेकर रक्षा मंत्री से नई अधिसूचना जारी करने की मांग की.

फिर उठा आयुध डिपो का मामला: बीजेपी विधायक मुकेश शर्मा ने बताया कि "इससे गुरुग्राम के दो लाख से अधिक नागरिकों को राहत मिलेगी और प्रतिबंधित क्षेत्र के प्रभावित इलाकों को नगर निगम की नियमित विकास योजनाओं में शामिल कर सड़क, सीवर, ड्रेनेज, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का विकास संभव हो सकेगा. इसके अलावा सीआरपीएफ चौक से कामधेनु गौशाला तक पुराने नजफगढ़ रोड पर एलिवेटेड रोड निर्माण के लिए रक्षा मंत्रालय से आवश्यक एनओसी एवं सहयोग देने का अनुरोध किया गया. जिससे शीतला माता रोड पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से लोगों को काफी राहत मिलेगी."

पूरा मामला क्या है? गुरुग्राम में सेक्टर 37 के पास एक आयुध डिपो (सेना का गोला-बारूद भंडार) है. सुरक्षा कारणों से हाई कोर्ट के आदेश के तहत इस डिपो के 900 मीटर के दायरे में किसी भी तरह के निर्माण पर प्रतिबंध लगा हुआ है. समस्या ये है कि इस प्रतिबंधित दायरे के अंदर बीते कई वर्षों से बड़ी संख्या में रिहायशी कॉलोनियां बस गई हैं. एक रिपोर्ट के मुताबिक इस इलाके में पिछले 20 वर्षों में 10,000 से ज्यादा मकान बन चुके हैं और नई कॉलोनियां अभी भी कटती जा रही हैं.

हाल में ये मुद्दा क्यों गरमाया? भारत-पाकिस्तान तनाव के बाद रक्षा मंत्रालय ने नए आदेश जारी किए. जिनमें रक्षा मंत्रालय की जमीनों पर अवैध कब्जे हटाने को कहा गया. दिल्ली में इस पर कार्रवाई भी शुरू हो गई, जबकि गुरुग्राम और फरीदाबाद में कार्रवाई का इंतजार है. इसके चलते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पास भी इस संबंध में कई शिकायतें पहुंची हैं, खासकर शीतला माता मंदिर के सामने शीतला कॉलोनी के इलाके से, जहां प्रॉपर्टी डीलरों के एक समूह ने पिछले दो साल में 19 एकड़ में अवैध कॉलोनी काट दी और 8 एकड़ में और काटी जा रही है.

लोगों की मांग और राजनीतिक हस्तक्षेप: इस इलाके में लाखों लोग बस गए हैं, इसलिए स्थानीय लोग और नेता दोनों चाहते हैं कि या तो 900 मीटर का दायरा घटाया जाए या मकानों को बिना नुकसान पहुंचाए कोई बीच का रास्ता निकाला जाए. हाल ही में जून 2025 में स्थानीय विधायक मुकेश शर्मा ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात करके 900 मीटर क्षेत्र में जनसुविधाओं और सड़क पुनर्निर्माण जैसे मुद्दे उठाए, जिस पर रक्षा मंत्री ने सहयोग का आश्वासन दिया. ये एक संवेदनशील चुनावी और राजनीतिक मुद्दा बना हुआ है, क्योंकि गुरुग्राम की कुछ विधानसभा सीटों में इस दायरे में रहने वाले हजारों मतदाता प्रभावित होते हैं. नेता वोट बैंक की वजह से इस इलाके में सख्त कार्रवाई से बचते रहे हैं, और चुनाव से पहले लोग नेताओं के सामने अपनी समस्या रखते आए हैं.