हांसी प्रेस क्लब का फ्री मेडिकल कैंप; कैबिनेट मंत्री ने की ₹5 लाख की घोषणा
हिंदी प्रेस दिवस पर हांसी प्रेस क्लब ने लगाया स्वास्थ्य जांच शिविर। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने पत्रकारों के लिए ₹5 लाख देने का किया ऐलान।
हांसी: हिंदी प्रेस डे के उपलक्ष में हांसी प्रेस क्लब द्वारा क्लब के सदस्यों एवं उनके परिजनों के लिए एक फ्री मेडिकल चेकअप कैंप का आयोजन जिला सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे।
कार्यक्रम में पूर्व चेयरमैन सतवीर वर्मा, पूर्व चेयरमैन राजपाल यादव तथा अनेक पत्रकार और उनके परिजन मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान हांसी प्रेस क्लब के प्रधान संदीप सैनी व क्लब के सदस्यों ने मुख्य अतिथि रणबीर गंगवा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कैबिनेट मंत्री ने हांसी प्रेस क्लब को 5 लाख रूपए की राशि देने की घोषणा की।
कैबिनेट मंत्री रणवीर गंगवा ने अपने संबोधन में हिंदी प्रेस दिवस की पत्रकारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकतंत्र में प्रेस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चार स्तंभ न्यायपालिका, कार्यपालिका, विधायिका और प्रेस हैं तथा प्रेस को चौथा स्तंभ इसलिए कहा जाता है क्योंकि यह जनता और सरकार के बीच मजबूत सेतु का कार्य करता है।
उन्होंने कहा कि जनता अपने प्रतिनिधियों से विकास और समस्याओं के समाधान की अपेक्षा रखती है, लेकिन यदि कहीं कोई कमी रह जाती है तो पत्रकार निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ उन मुद्दों को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि पत्रकारों का कार्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज की आवाज को सही मंच तक पहुंचाना भी है। उन्होंने कहा कि एक सच्चा पत्रकार वही माना जाता है जो बिना किसी भेदभाव और पक्षपात के सच को सामने रखने का साहस रखता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की निष्पक्ष कार्यशैली से ही समाज में विश्वास कायम होता है और सरकार को भी जनसमस्याओं को समझने तथा उन पर कार्य करने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि उनका हांसी के पत्रकारों से वर्षों पुराना संबंध रहा है और यहां के पत्रकार हमेशा स्पष्ट और निर्भीक पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि आज सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया के दौर में समाचार बहुत तेजी से लोगों तक पहुंचते हैं, ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है।
कैबिनेट मंत्री ने हांसी प्रेस क्लब द्वारा आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकार समाज की सेवा के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूक रहें, यह समय की आवश्यकता है। उन्होंने प्रेस क्लब के इस प्रयास को सराहनीय बताया। इस अवसर पर प्रसिद्ध इतिहासकार जगदीश सैनी ने कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा को हांसी का इतिहास नामक पुस्तक भेंट की।
कार्यक्रम के दौरान क्लब के सदस्यों एवं उनके परिजनों के डॉ. लाल पैथ लैब्स से 14 प्रकार के टेस्ट करवाए गए। इन टेस्टों का सारा खर्चा हांसी प्रेस क्लब के द्वारा वहन किया जाएगा। पिछले 12 साल से हांसी प्रेस क्लब पत्रकारिता के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन कर रहे हैं।हांसी प्रेस क्लब ने हमेशा अपने साथियों के सुख-दुख में साथ खड़े रहने की परंपरा निभाई है। इसी भावना के तहत क्लब द्वारा समय-समय पर सहयोग कार्य किए गए हैं।
इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन राजपाल यादव ने भी अपने विचार व्यक्त किए और हिंदी पत्रकारिता के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ पत्रकारों ने भी कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा का स्वागत करते हुए हिंदी प्रेस डे के महत्व पर अपने विचार रखे। अनेक पत्रकारों एवं उनके परिवारजनों ने स्वास्थ्य जांच शिविर का लाभ उठाया। इस मौके पर हांसी प्रेस क्लब के पदाधिकारी, वरिष्ठ पत्रकार, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।