हरियाणा कांग्रेस: हुड्डा और सुरजेवाला के बीच मंच पर सियासी तंज, गुटबाजी फिर चर्चा में
चंडीगढ़ में हरियाणा कांग्रेस के नए प्रभारी संजय दत्त के स्वागत कार्यक्रम में भूपेंद्र सिंह हुड्डा और रणदीप सुरजेवाला के बीच सियासी नोकझोंक। जानें अंदरूनी सियासत की पूरी रिपोर्ट।
चंडीगढ़: हरियाणा कांग्रेस के नए प्रभारी के स्वागत कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला के बीच हल्के-फुल्के अंदाज में राजनीतिक तंज देखने को मिले. दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर इशारों-इशारों में कटाक्ष किए, जिससे हरियाणा कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी एक बार फिर चर्चा में आ गई.
हरियाणा कांग्रेस में हुड्डा बनाम सुरजेवाला? हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी किसी से छिपी नहीं है. चंडीगढ़ में पार्टी के नए प्रभारी संजय दत्त के स्वागत कार्यक्रम के दौरान इसकी झलक भी देखने को मिली. मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और वरिष्ठ कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मजाकिया अंदाज में एक-दूसरे पर राजनीतिक तंज कसे.
दोनों ने एक दूसरे पर कसे तंज: कार्यक्रम के दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मुस्कुराते हुए कहा, "रणदीप मेरा साथ दे दे, फिर देख धमाका." इस पर रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी तुरंत जवाब देते हुए कहा, "मुझे आपका साथ देते हुए 20 साल हो गए हैं, अब आपकी बारी है मेरा साथ देने की."
56 साल के इतिहास में कांग्रेस केवल तीन बार जीती: इतना ही नहीं, सुरजेवाला ने हरियाणा कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि 56 साल के इतिहास में कांग्रेस केवल तीन बार अपने दम पर बहुमत हासिल कर पाई है. इस दौरान जब वोट प्रतिशत की चर्चा हुई तो उन्होंने दीपेंद्र हुड्डा की ओर इशारा करते हुए कहा, "वोट प्रतिशत से फर्क नहीं पड़ता, यह बताइए कि 46 विधायक आए या नहीं."
हुड्डा और सुरजेवाला की नोकझोंक से फिर गरमाई सियासत: हालांकि पूरा संवाद हल्के-फुल्के अंदाज में हुआ, लेकिन मंच से हुई इस नोकझोंक ने एक बार फिर हरियाणा कांग्रेस के भीतर मौजूद गुटबाजी की चर्चाओं को हवा दे दी. बता दें कि हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ऑफिस में हरियाणा कांग्रेस के नए प्रभारी संजय सतीश चंद्रन दत्त का स्वागत कार्यक्रम रखा गया था. इस दौरान रणदीप सुरजेवाला और भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने एक दूसरे को मजकिया लहजे में तंज करते नजर आए. हुड्डा ने सुरेजवाला से साथ देने की गुहार लगाई तो पलटकर सुरजेवाला ने कहा कि अब आपकी बारी है मेरे साथ देने की.