Haryana Congress President: राव नरेंद्र सिंह के घर बदमाशों का हमला; CCTV काटे, कुंडी तोड़ी
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नारनौल आवास पर बदमाशों की घुसपैठ। CCTV के तार काटे और स्टाफ को कमरे में किया बंद। पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी।
महेंद्रगढ़: हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नारनौल स्थित शिव कॉलोनी आवास पर 15-16 मई की रात कुछ लोगों ने घुसने की कोशिश की. बदमाशों ने सीसीटीवी के तार काट दिए और गेट की कुंडी तोड़ दी. उनके बड़े भाई राव देवेंद्र सिंह ने नारनौल पुलिस को इसकी शिकायत दी है. जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के घर पर हमला: शिकायत के अनुसार रात करीब 3 बजे चार-पांच युवक घर की पीछे वाली दीवार फांदकर अंदर पहुंचे. उन्होंने सबसे पहले सीसीटीवी की तार काटी, इसके बाद सर्वेंट क्वार्टर के दोनों कमरों को बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया ताकि अंदर मौजूद स्टाफ बाहर ना निकल सके. घर के पिछले हिस्से में बने प्रवेश द्वार पर लगा ताला बदमाशों ने काट दिया और दरवाजे की कुंडी तोड़ दी.
सर्वेंट को कमरे में किया बंद: बताया जा रहा है कि इस दौरान सर्वेंट क्वार्टर में सो रहे स्टाफ की आंख खुल गई. जब उन्होंने कमरे से बाहर निकलने की कोशिश की, तो कुंडी बाहर से बंद मिली. स्टाफ ने खिड़की से बाहर देखा, तो कुछ युवक दिखाई दिए, जिनमें से एक के हाथ में पिस्टल या रिवॉल्वर तथा अन्य के पास कुल्हाड़ी और तेजधार हथियार होने की बात कही गई है. स्टॉफ को देखकर आरोपी फरार हो गए.
कटी मिली सीसीटीवी की तार, टूटी मिली कुंडी: पुलिस को मौके पर कटे हुए ताले, टूटी कुंडी, कटी हुई CCTV तार और दीवार पर जूतों के निशान मिले हैं. राव देवेंद्र सिंह ने कहा कि अगर समय रहते स्टाफ की आंख नहीं खुलती, तो परिवार के साथ गंभीर वारदात हो सकती थी.
पुलिस मामले की जांच में जुटी: इस मामले में जांच अधिकारी प्रीतम सिंह ने बताया कि "शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है. जिसके आधार पर जांच जारी है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा."