Congress Gherao CEO Office Haryana: मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय का घेराव करेगी कांग्रेस, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
रोहतक : चुनाव आयोग के खिलाफ हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी 25 सितंबर 2026 को दोपहर 1 बजे, चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित 30 Bays Building में मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, हरियाणा का घेराव करेगी.
कांग्रेस की तीन मांगें क्या है ? : कांग्रेस पार्टी की तीन मुख्य मांगे हैं जिन्हें लेकर किया घेराव कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है -
- "ज्ञानेश कुमार को अब मुख्य चुनाव आयुक्त के पद पर रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं रह गया है, इसलिए उन्हें तुरंत प्रभाव से त्यागपत्र दे देना चाहिए."
- "ज्ञानेश कुमार को लोकतंत्र की हत्या का षड्यंत्र रचने के आरोप में तुरंत गिरफ्तार किया जाए."
- "ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में जितने भी निर्णय हुए हैं उनकी समीक्षा की जाए."
राव नरेंद्र सिंह और हुड्डा घेराव का नेतृत्व करेंगे : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा इस घेराव का नेतृत्व करेंगे और हरियाणा में पार्टी मामलों के प्रभारी संजय दत्त विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे. इस घेराव कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं सांसद कुमारी सैलजा, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला, कांग्रेस कार्यसमिति के स्थायी सदस्य एवं सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद एवं विधायक तथा पार्टी के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे.
ईवीएम की जीत हुई थी : घेराव की घोषणा के बाद अपने विधानसभा क्षेत्र में दौरा कर रहे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा बीच में ही दौरा छोड़कर चुनाव आयोग के कार्यालय के सामने प्रदर्शन करने के लिए चंडीगढ़ जाएंगे. भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने चुनाव आयोग के बहाने हरियाणा में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा, उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार की जीत का श्रेय भाजपा को नहीं बल्कि ईवीएम को जाना चाहिए क्योंकि ये कांग्रेस की हार नही बल्कि ईवीएम की जीत है.
हुड्डा ने खुद को बताया फिट : भूपेंद्र सिंह हुड्डा बार-बार सरकार पर चुनाव में गड़बड़ी के आरोप लगाते रहे हैं. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के अधिकारियों ने भी स्पष्ट कर दिया कि किस तरह से चुनाव में धांधली कर भाजपा ने सरकार हासिल की है. साथ ही भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने भाषण में साफ साफ संकेत दिए हैं कि इस बार लोकसभा व विधानसभा के एक साथ चुनाव हो सकते हैं और जनता को तैयार होने की जरूरत है. 2029 में 82 साल के होने वाले भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने आप को फिट बताया है. उन्होंने कहा कि "ना मैं थका हूं और ना मैं रुका हूं". भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने संकेत दिए हैं कि वे 2029 में चुनाव लड़ेंगे. भूपेंद्र सिंह हुड्डा इन दिनों अपने विधानसभा क्षेत्र में घूम कर लोगों से चुनाव लड़ने की इजाजत मांग रहे हैं.