हरियाणा में बड़ी नियुक्तियां: योगेश बैरागी और वेदपाल समेत कई नेताओं को मिली कमान
नायब सैनी सरकार ने बोर्ड-निगमों में की नियुक्तियां। विनेश फोगाट के खिलाफ चुनाव लड़े योगेश बैरागी और एडवोकेट वेदपाल को मिली बड़ी जिम्मेदारी। देखें पूरी लिस्ट।
चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने एक के बाद एक कई नियुक्तियों के आदेश जारी कर विधानसभा चुनाव में टिकट से चूके और हारे नेताओं के साथ ही कई पुराने कार्यकत्र्ताओं-पदाधिकारियों को सत्ता में भागीदार बनाया गया है। जुलाना विधानसभा क्षेत्र से ओलिम्पियन पहलवान और वर्तमान में कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट के खिलाफ चुनाव लड़ चुके कैप्टन योगेश बैरागी को समाज कल्याण बोर्ड के चेयरमैन पद पर लगाया गया है।
संगठन में कई अहम पदों पर रहे एडवोकेट वेदपाल विधानसभा चुनाव में टिकट से चूक गए थे, लेकिन अब उन्हें हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। यह बोर्ड प्रदेश भर की मंडियों के रख-रखाव के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में सडक़ों का रख-रखाव तथा संचालन भी संभालता है। इसके अलावा हरियाणा सरकार जीरो बजट कृषि को बढ़ावा देने के लिए 10 नई मंडियां बनाने जा रही है, जिनके संचालन में बोर्ड की अहम जिम्मेदारी होगी।
वहीं सिरसा के रोहतास जांगड़ा को श्रम कल्याण बोर्ड का चेयरमैन लगाया गया है। फर्जी स्लिप घोटाले के कारण यह बोर्ड पिछले कई माह से सुर्खियों में है। कुछ समय के लिए बोर्ड की गतिविधियों को बंद भी किया गया था। अब हाल ही में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा गिग वर्कर्स के पंजीकरण के आदेश जारी किए जाने के बाद इस बोर्ड की अहमियत बढ़ गई है। राजपाल बैनीवाल को हरियाणा किसान कल्याण प्राधिकरण में सदस्य बनाया गया है। गुरनाम सैनी हरियाणा भूमि सुधार एवं विकास निगम लिमिटेड के नए चेयरमैन बने हैं। नायब सरकार में पहली बार हुई बोर्ड व निगमों की नियुक्तियों में महिलाओं को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है। सुनीता दांगी को हरियाणा महिला विकास निगम की चेयरपर्सन बनाया गया है।
सुभाष कलसाना को हरियाणा राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक की प्रबंधन कमेटी में सरकार का प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है। भारत भूषण जुयाल हरको बैंक के चेयरमैन बने हैं। जुयाल को पहले हरियाणा स्टेट को-ऑप्रेटिव एपेक्स बैंक लिमिटेड के निदेशक मंडल की प्रबंध समिति में सरकारी नामांकित सदस्य नियुक्त किया गया, जिसके बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से इस शीर्ष सहकारी बैंक का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है।
कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में भी अहम नियुक्तियां
सरकार ने कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में भी कई अहम नियुक्तियां तथा बदलाव किए हैं। लोक गायक बिंदर दनोदा को हरियाणा कला परिषद हिसार जोन का अतिरिक्त निदेशक नियुक्त किया गया है। महेश जोशी को हरियाणा कला परिषद में वाइस चेयरमैन बनाया है। अमित सैनी हरियाणा कला परिषदगुरुग्राम जोन के अतिरिक्तनिदेशक होंगे। गगन हरियाणवी को हरियाणा कला परिषद रोहतक जन का अतिरिक्त निदेशक नियुक्त किया गया है।