{"vars":{"id": "123258:4912"}}

हरियाणा निकाय चुनाव: AAP सिंबल पर लड़ेगी चुनाव, सुशील गुप्ता ने बताया रोडमैप

हरियाणा निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी की एंट्री। सुशील गुप्ता बोले- पंचकूला, अंबाला और सोनीपत में मेयर व पार्षद चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़ेंगे। जानें पूरा चुनावी प्लान।

 

चंडीगढ़: हरियाणा में निकाय चुनाव का बिगुल बज चुका है. सभी पार्टियां इसकी तैयारी में जुट गईं हैं. बीजेपी, कांग्रेस और इनेलो के बाद आम आदमी पार्टी भी चुनाव में पूरी ताकत लगाने जा रही है. इसके लिए पार्टी ने रोड़मैप तैयार कर लिया है. आम आदमी पार्टी विधानसभा चुनाव में कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाई थी. अब सिंबल पर नगर निगम चुनाव लड़ेगी. आप की रणनीति को लेकर ईटीवी भारत ने आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता से खास बातचीत की.

शहरी निकाय चुनाव को लेकर आप की क्या तैयारी है? इस सवाल पर सुशील गुप्ता ने कहा कि "आम आदमी पार्टी ने तय किया है कि पंचकूला, अंबाला और सोनीपत तीनों नगर निगमों के चुनाव लड़ेंगे. हम मेयर और पार्षदों का चुनाव सिंबल पर लड़ेंगे और पूरी ताकत से लड़ेंगे. निगमों में फैले भ्रष्टाचार को खत्म करेंगे, शहरों में फैले कूड़े की व्यवस्था को ठीक करेंगे, नालियों की व्यवस्था को ठीक करेंगे, सड़कों को ठीक करेंगे. निगम के अंदर आने वाले अस्पतालों और स्कूलों की व्यवस्था को ठीक करेंगे. जो जनता का पैसा लूटा जा रहा है. सौ प्रतिशत वहां की जनता के विकास के लिए खर्च किया जाएगा."

क्या इन मुद्दों से फायदा मिलेगा, संगठन की क्या स्थिति है? इस सवाल के जवाब में सुशील गुप्ता ने कहा कि "संगठन पूरी मजबूती से काम कर रहा है. तीन निगमों के चुनाव लड़ेंगे. संगठन का एक-एक कार्यकर्ता पूरी मेहनत से बदलाव के लिए काम करेगा. हरियाणा में निगम के अंदर बदलाव लेकर आएंगे."

परिसीमन के मुद्दे पर आपकी पार्टी का क्या स्टैंड है? हरियाणा आप पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि "हमारा स्टैंड बिल्कुल क्लियर है. महिला आरक्षण होना चाहिए, लेकिन वो वर्तमान सीटों पर होना चाहिए, परिसीमन के साथ उसे ना जोड़ा जाए. परिसीमन का आधार सरकार बताए, संसद और देश की जनता को बताएं. बिना किसी आधार के जो पीएम के मन में आए, वो करे या अमित शाह करे ये वाजिब बात नहीं है. ये लोकतांत्रिक देश है. इसके अंदर कानूनी प्रक्रिया से काम होना चाहिए. आप 2011 की जनगणना को आधार मान रहे हैं. 2026 चल रहा है. 2029 में चुनाव होने हैं, 2026 में जनगणना हो जाएगी, उसके बाद आपके पास जातिगत, शहर और गांव, महिला और पुरुष के आंकड़े आ जाएंगे, हर तरह के आंकड़े आप के पास होंगे. आप उन आंकड़ों के हिसाब से खूबसूरत प्लानिंग करें और देश ताकि विकसित राष्ट्रों में शामिल हो सके."

पंजाब में आप नेताओं पर ईडी की रेड पर क्या कहेंगे? सुशील गुप्ता ने कहा कि "ये मामला कहता है कि पंजाब का चुनाव शुरू हो गया है. राजनीतिक प्रतिशोध की वजह से बीजेपी ये सब कर रही है. इन्होंने दिल्ली में ये किया, पश्चिम बंगाल में खुद इलेक्शन कमीशन एक सरकार और पार्टी को धमका रहा है. ऐसा कहीं नहीं देखा गया था. सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रहे हैं और राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से काम कर रहे हैं."