हरियाणा विजन 2047: विभागों को CM नायब सैनी का निर्देश, AI टूल पर अपलोड करें 5 साल का रोडमैप
Haryana Vision 2047: सीएम नायब सैनी ने सभी विभागों को 5 साल की कार्ययोजना AI टूल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। पुलिस के लिए बनेंगे विदेशों जैसे ग्रीन बिल्डिंग आवास।
चंडीगढ़: मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि सभी विभाग हरियाणा विजन 2047 के अंतर्गत अगले 5 साल में किए जाने वाले कार्यों का रोडमैप व कार्ययोजना को इसके लिए तैयार किए गए ए.आई. टूल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें ताकि वे स्वयं इसकी व्यापक समीक्षा कर सकें। मुख्यमंत्री ने यह निर्देश बृहस्पतिवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में हरियाणा विजन-2047 के तहत पुलिस हाऊसिंग कार्पोरेशन के अगले 5 साल के रोडमैप व कार्ययोजना की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। उन्होंने पुलिस हाऊसिंग कार्पोरेशन को निर्देश दिए कि पुलिस कर्मचारियों के लिए पर्याप्त संख्या में उच्च गुणवत्ता के मकान तैयार करने की कार्य योजना तैयार की जाए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सभी विभागों की अगले 5 साल की कार्ययोजना को ए. आई. टूल पर अपलोड करके उनकी समीक्षा की जाएगी और विकसित देशों की तर्ज पर हर विभाग को विकसित भारत के लिए तैयार किया जाएगा। वह प्रत्येक विभाग की प्रगति की समीक्षा तिमाही आधार पर करेंगे और सभी विभाग अपनी प्रगति रिपोर्ट बैठक से 2 दिन पहले उनके पास पहुंचाना सुनिश्चित करें।
हरियाणा पुलिस हाऊसिंग कार्पोरेशन के प्रबंध निदेशक आलोक मित्तल ने बताया कि वर्ष 1989 में स्थापित हरियाणा पुलिस कार्पोरेशन द्वारा पुलिस कर्मियों के लिए 12,683 आवास, 165 पुलिस स्टेशन, 21 पुलिस पोस्ट, 26 महिला पुलिस थाने, 13 पुलिस लाइन, 3 पुलिस ट्रेनिंग सेंटर्स, 21 पुलिस पब्लिक स्कूल तथा 400 अन्य गैर आवासीय भवनों का निर्माण करवाया गया है। उन्होंने पुराने भवनों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि नए बनने वाले सभी भवनों को विदेशों की तर्ज पर एनर्जी एफिशिएंट तथा ग्रीन बिल्डिंग के रूप में तैयार करवाए जाएं।