{"vars":{"id": "123258:4912"}}

हिसार: सांसद जयप्रकाश का सरकार पर हमला; विनेश फोगाट और पेयजल संकट पर घेरा

हिसार में सांसद जयप्रकाश ने विनेश फोगाट के ट्रायल, चैनत गांव के जल संकट और भाजपा संगठन में बदलाव पर उठाए सवाल। खिलाड़ियों की उपेक्षा का लगाया आरोप। पढ़ें पूरी खबर।

 

हिसार : हिसार स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में कांग्रेस सांसद जयप्रकाश कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए चैनत गांव के पेयजल संकट, विनेश फोगाट के एशियन गेम्स ट्रायल में प्रदर्शन और भाजपा संगठन से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरा।

रेसलिंग फेडरेशन के दबाव से हारीं विनेश फोगाट- जयप्रकाश

विनेश फोगाट के समर्थन में बोलते हुए जयप्रकाश ने कहा कि विनेश फोगाट केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश का गौरव हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रेसलिंग फेडरेशन ने ट्रायल प्रक्रिया में ऐसी परिस्थितियां बनाई, जिससे विनेश पर अनावश्यक दबाव बना। उनका कहना था कि हाल ही में मां बनने के बावजूद विनेश ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, लेकिन उन्हें पर्याप्त आराम का समय नहीं मिला। साथ ही उन्होंने भाजपा सरकार पर खिलाड़ियों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि कई खिलाड़ियों को अब तक उनके कैश अवॉर्ड भी नहीं मिले हैं।

चैनत गांव में चल रहे पेयजल आंदोलन पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद ने कहा कि ग्रामीणों ने मजबूरी में आंदोलन का रास्ता अपनाया है। उन्होंने कहा कि यह केंद्र सरकार की परियोजना है और सरकार की जिम्मेदारी है कि चैनत, नजत और भाटला सहित सभी प्रभावित गांवों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाए। जयप्रकाश ने कहा कि यदि प्रशासन और सत्ताधारी दल के नेताओं ने समय रहते ग्रामीणों से संवाद किया होता तो विवाद की स्थिति पैदा नहीं होती।

वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद से मोहनलाल बड़ौली को हटाने के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए जयप्रकाश ने कहा कि यदि उनका कार्यकाल पूरा नहीं हुआ था तो पार्टी को बदलाव का कारण स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने इस फैसले को भाजपा की आंतरिक कमजोरी का संकेत बताते हुए कहा कि हरियाणा में पार्टी की स्थिति पहले जैसी मजबूत नहीं रही है। उचाना विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर जयप्रकाश ने कहा कि कांग्रेस की हार के पीछे कुछ कमियां रही हैं, जिनकी जानकारी वह पहले ही पार्टी नेतृत्व को दे चुके हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि भविष्य में पार्टी इन कमियों को दूर कर बेहतर प्रदर्शन करेगी।