{"vars":{"id": "123258:4912"}}

करनाल रेलवे स्टेशन का होगा कायाकल्प, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का ऐलान

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने करनाल रेलवे स्टेशन के कायाकल्प और नए अंडरपास का ऐलान किया। राम मंदिर चोरी और अन्य राजनीतिक मुद्दों पर भी दी प्रतिक्रिया।

 

​करनाल: केंद्रीय ऊर्जा एवं आवास मंत्री मनोहर लाल खट्टर एक बार फिर ट्रेन से अपने लोकसभा क्षेत्र करनाल पहुंचे. स्टेशन पर पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया. इस दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने मीडिया से बातचीत करते हुए विकास योजनाओं की घोषणा की और देश के विभिन्न राजनीतिक व सामाजिक घटनाक्रमों पर खुलकर अपने विचार साझा किए.

करनाल रेलवे स्टेशन का होगा कायाकल्प: ​मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि, "आगामी दिनों में करनाल रेलवे स्टेशन का पूरी तरह से कायाकल्प किया किया जाएगा. स्टेशन पर एक नए अंडरपास के निर्माण को प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है, जिससे स्थानीय यातायात और यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी. ​इसके अतिरिक्त यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर लिफ्ट अथवा एलिवेटर में से किसी एक आधुनिक सुविधा को अनिवार्य रूप से स्थापित किया जाएगा. इस कदम से विशेष रूप से बुजुर्ग यात्रियों, बीमार लोगों और भारी सामान के साथ यात्रा करने वाले नागरिकों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर आने-जाने में सुगमता होगी."

​लोकतंत्र में अंतरात्मा की आवाज सर्वोपरि: ​हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों विशेषकर तृणमूल कांग्रेस और शिवसेना गुट के सांसदों द्वारा पाला बदलने के विषय पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में केंद्रीय मंत्री ने लोकतांत्रिक मूल्यों का हवाला दिया. उन्होंने कहा कि, "लोकतंत्र में कोई भी निर्णय अंतरात्मा की आवाज पर लिया जाता है. भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था में ऐसे सभी निर्णय पूरी तरह से संवैधानिक और कानूनी दायरे के भीतर ही संपन्न होते हैं." वहीं, ​राज्यसभा सांसद संजय भाटिया द्वारा दिए गए उस बयान का मनोहर लाल ने पूरी तरह समर्थन किया, जिसमें कहा गया था कि उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री का पद स्वेच्छा से छोड़ा था. केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि, "जो भाटिया जी ने कहा है वो बिल्कुल ठीक है."

​राम मंदिर में चोरी पर बोले खट्टर: अयोध्या के राम मंदिर परिसर में हुई चोरी की घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, "जो कुछ भी हुआ है, वह बेहद गलत और दुर्भाग्यपूर्ण है. उत्तर प्रदेश पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है."

​पंजाब सीएम का वायरल वीडियो: वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से जुड़े एक हालिया वायरल वीडियो और उस पर अब तक की गई कार्रवाई के संबंध में पूछे जाने पर मनोहर लाल ने कहा कि, "जो कुछ भी हुआ है, वह पूरी तरह से जनता और सबके सामने है. इस मामले में जिस तरह से जांच और अनुसंधान हुआ है, उसके आधार पर लगातार उचित कार्रवाइयां अमल में लाई जा रही हैं."

"एक पेड़ मां के नाम" अभियान से जुड़ा भावुक अनुभव: अपने दौरे के अंत में केंद्रीय मंत्री ने अपने हालिया मध्य प्रदेश प्रवास के बारे में बताया कि, " देशव्यापी पर्यावरण अभियान "एक पेड़ मां के नाम" के तहत जब मैंने मध्य प्रदेश में पौधा रोपा, तो वह क्षण उनके लिए बेहद भावुक करने वाला था. मेरी नागरिकों से अपील है कि वे पर्यावरण संरक्षण के इस महाअभियान से जुड़े."