केरल हुआ 'केरलम': ममता बनर्जी ने केंद्र को घेरा, उमर अब्दुल्ला ने J&K को लेकर कही बड़ी बात
केंद्र ने केरल का नाम बदलकर 'केरलम' करने के प्रस्ताव को दी मंजूरी। ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल के लंबित प्रस्ताव पर जताई नाराजगी, उमर अब्दुल्ला ने J&K के नाम पर दिया बड़ा बयान।
केरल में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राज्य का नाम बदल दिया गया. अब इसे केरल की जगह केरलम कहा जाएगा. हालांकि केंद्र के इस फैसले पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भड़क गईं और उन्होंने कहा कि केरल का नाम बदल दिया गया, लेकिन उनके राज्य का नाम बदलने का प्रस्ताव केंद्र के पास लंबे समय से पेंडिंग है. इसी फैसले पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि केंद्र को पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की मांग को भी मान लेना चाहिए, साथ ही उन्होंने जम्मू-कश्मीर का नाम बदले जाने को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी.
जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने केंद्र को सलाह देते हुए आज बुधवार को कहा कि उसे पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार की राज्य का नाम बदलने की मांग मान लेनी चाहिए, क्योंकि केंद्रीय कैबिनेट ने केरल के मामले में इसी तरह के प्रस्ताव को अपनी रजामंदी दी है.
अगर JK विधानसभा भी ऐसा प्रस्ताव लाए तो…
केंद्रीय कैबिनेट ने कल मंगलवार को केरल सरकार के राज्य का नाम बदलकर केरलम करने के प्रस्ताव को अपनी मंजूरी दे दी. हालांकि इस मंजूरी से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भड़क गई और उन्होंने इस बात पर नाखुशी जताई कि केरल के नाम बदलने के कदम के बावजूद उनके राज्य का नाम बदलने का प्रस्ताव केंद्र के पास लंबे समय से पेंडिंग है.
श्रीनगर में एक इवेंट के दौरान रिपोर्टरों से बात करते हुए, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा, “दूसरे राज्यों ने भी अपने नाम बदलने को लेकर प्रस्ताव दिया है. अगर पश्चिम बंगाल विधानसभा राज्य का नाम बदलने की मांग कर रही है, तो केंद्र सरकार को यह मांग मान लेनी चाहिए.” उन्होंने यह भी कहा, “अगर भविष्य में जम्मू और कश्मीर विधानसभा में भी इसी तरह का कोई प्रस्ताव लाया जाता है, तो केंद्र को उस पर भी ध्यान देना चाहिए.”
दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे VP राधाकृष्णन
मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का उनके पहले कश्मीर दौरे पर भी स्वागत किया. राधाकृष्णन कल गुरुवार को कश्मीर यूनिवर्सिटी के 21वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे. उन्होंने कहा, “वह आज शाम दीक्षांत समारोह में शामिल होने आ रहे हैं. छात्र उनसे अपनी डिग्री और मेडल लेने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. उपराष्ट्रपति बनने के बाद राधाकृष्णन यह उनका पहला दौरा है.”