भिवानी: कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने अपनी ही पार्टी और BJP को घेरा
भिवानी पहुंचे विधायक कुलदीप वत्स ने किसानों के मुद्दे पर बीजेपी को घेरा, तो राज्यसभा क्रॉस वोटिंग पर कांग्रेस को दी नसीहत। ब्राह्मणों की अनदेखी पर भी जताई नाराजगी।
भिवानी: बादली से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स भिवानी में आयोजित भगवान परशुराम जयंती कार्यक्रम में शामिल हुए. इसके बाद उन्होंने मीडिया के सामने कई मुद्दों पर अपनी बात रखी. किसानों के मुद्दे पर उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधा. तो वहीं राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के मुद्दे पर अपनी ही पार्टी पर सवाल खड़े किए.
किसानों के मुद्दे पर बीजेपी पर निशाना: किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस विधायक कलदीप वत्स ने कहा कि "नए नियम किसान विरोधी हैं. सरकार किसानों को परेशान करना चाहती है. सरकार की नीतियां किसानों के हित में नहीं है. मंडियों में बनाए गए नए नियमों से किसान परेशान हैं. सरकार को ये नियम वापस ले लेने चाहिए, ताकि किसान पुराने तरीके से बिना किसी परेशानी के फसल बेच सकें."
अपनी ही पार्टी पर उठाए सवाल: राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के मुद्दे पर कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने अपनी ही पार्टी पर सवाल उठाए. उन्होंने पांच विधायकों के सस्पेंशन के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे कदम पहले उठाए जाने चाहिए थे. अगर पार्टी समय रहते सख्त फैसले लेती, तो आज स्थिति अलग होती.
टिकट वितरण पर जताई नाराजगी: हरियाणा विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण को लेकर भी कुलदीप वत्स ने नाराजगी जाहिर की. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ब्राह्मण समाज की लगातार अनदेखी कर रही है. उन्होंने समाज के युवाओं से जागरूक होने और अपनी पहचान मजबूत करने की अपील भी की. महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले बिल का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि ये पहल पहले कांग्रेस ने की थी, जिसे अब भाजपा ने नए नाम से लागू किया है.
परशुराम भवन के शिलान्यास विवाद पर दी प्रतिक्रिया: अप्रैल 2026 में झज्जर में ब्राह्मण समाज के कार्यक्रम में परशुराम भवन के शिलान्यास को लेकर विवाद हुआ था. इस मामले में कुलदीप वत्स और उनके भाई समेत 7 लोगों पर FIR दर्ज की गई थी. वत्स ने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा कि उन्हें और उनके परिवार को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है और वे इसके खिलाफ मानहानि का मुकदमा करेंगे. कुलदीप वत्स ने साफ कहा कि वे किसी दबाव में आने वाले नहीं हैं. मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए सीसीटीवी फुटेज निकलवाई जाएगी और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी.