कुमारी सैलजा का वार: 'BJP में अंदरूनी कलह, जनता निकाय चुनाव में देगी जवाब'
कर्नाल में कुमारी सैलजा ने बीजेपी को घेरा। 27 अप्रैल के विशेष सत्र और निकाय चुनाव पर दी प्रतिक्रिया। कहा- नारी शक्ति वंदन बिल पर राजनीति कर रही है भाजपा।
करनाल: कैबिनेट की बैठक के बाद सीएम नायब सैनी ने जानकारी दी थी कि 27 अप्रैल को हरियाणा विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र बुलाया गया है. जिसके बाद से कयास लगाए जा रहे हैं कि इस सत्र में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर कांग्रेस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाया जा सकता है. इस सवाल पर करनाल में सिरसा से कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने निकाय चुनाव पर भी प्रतिक्रिया दी.
'निकाय चुनाव में मजबूती से लड़ेगी कांग्रेस': हरियाणा में निकाय चुनाव पर कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस की तैयारी पूरी है. पार्टी मजबूती से चुनाव लड़ेगी. उन्होंने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि "अभी तक बीजेपी के अंदरूनी मतभेद ही खत्म नहीं हो रहे. जो भाजपा कभी कांग्रेस पर सवाल उठाती थी, आज खुद अपने फैसलों में देरी और असमंजस का शिकार है. आज जनता सरकार से परेशान है. जनता मतदान जरिए सरकार को जवाब देगी."
सैलजा ने बीजेपी पर साधा निशाना: कुमारी सैलजा ने कहा कि निंदा प्रस्ताव की जरूरत बीजेपी के आचरण पर होनी चाहिए. जो महिलाओं के नाम पर राजनीति कर रहे हैं. सैलजा ने याद दिलाया कि कांग्रेस ने 2010 में राज्यसभा में और फिर 2023 में इस बिल को आगे बढ़ाया, जबकि भाजपा ने अपने वादों के बावजूद वर्षों तक इस मुद्दे को नजरअंदाज किया. उन्होंने कहा कि चुनावी समय आते ही ऐसे मुद्दों को उठाना केवल राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश है.
भूपेंद्र हुड्डा की सद्भावना यात्रा पर दी प्रतिक्रिया: नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा की सद्भावना यात्रा पर संतुलित बयान दिया. उन्होंने कहा "ये पार्टी के अंदर का विषय है. इस पर वो हीं बेहतर टिप्पणी कर सकते हैं. हर नेता अपनी बात रखने के लिए स्वतंत्र हैं, फिलहाल सबकी नजर राहुल गांधी के आगामी दौरे पर टिकी हैं."
दुष्यंत चौटाला विवाद पर जानें क्या कहा: दुष्यंत चौटाला और सीआईए विवाद पर कुमारी सैलजा ने हरियाणा में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि हरियाणा में हालात चिंताजनक हैं. ऐसा प्रतीत होता है मानो जंगलराज चल रहा हो. आखिर ये घटनाएं क्यों हो रही हैं? इनका जिम्मेदार कौन है? इसका जवाब सरकार को देना चाहिए.