{"vars":{"id": "123258:4912"}}

WB Election 2026: ममता बनर्जी फिर भवानीपुर से लड़ेंगी चुनाव; वोट काटे जाने पर भड़कीं CM, बोलीं- 'BJP दफ्तर से कट रहे हैं नाम'

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भवानीपुर सीट से चुनाव लड़ने का संकेत दिया है। मतदाता सूची से नाम काटे जाने पर चुनाव आयोग और BJP को घेरते हुए ममता ने कहा कि बंगाल में 1.20 करोड़ लोगों के वोटिंग अधिकार छीने जा रहे हैं।

 

 पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को संकेत दिया कि वह फिर से भवानीपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी. उन्होंने मतदाता सूची में लोगों के नाम काटे जाने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि वह फिर से भवानीपुर से चुनाव लड़ेंगी और जीत हासिल करेंगी. ममता बनर्जी ने कहा कि मैं हैरान हूं. अमानवीय, बदले की भावना से काम किया गया. कायर लोग पीछे से लड़ते हैं. उन्होंने जानबूझकर नाम काटे हैं. मेरे चुनाव क्षेत्र में 60 हजार वोट काटे गए हैं.

उन्होंने कहा कि लेकिन फिर भी मैं कहती हूं, मैं भवानीपुर से जीतूंगी, एक वोट से भी जीतूंगी. मुझे विश्वास है, मुझे भगवान पर विश्वास है, मुझे मां पर विश्वास है, मुझे हिंदू-मुस्लिम-बौद्धों पर विश्वास है. मैं धरने पर बैठूंगी, मुझे मोरल सपोर्ट दो.

बता दें कि पिछले विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी ने नंदीग्राम विधानसभा सीट पर भाजपा के सुवेंदु अधिकारी से पराजित हुई थीं. उसके बाद उन्होंने भवानीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में जीत हासिल की थी. इस बार फिर से यह अटकलें लग रही थी कि ममता बनर्जी किस सीट से चुनाव लड़ेंगी.

मतदाताओं के नाम काटे जाने पर बिफरीं ममता

उन्होंने कहा कि भवानीपुर एक छोटा सा चुनाव क्षेत्र है. यहां 2.6 लाख वोटर हैं. लॉजिकल गड़बड़ियों की वजह से 14 हजार और 2000 नाम काटे गए हैं. मैंने कोशिश की. वोटर कहां हैं! वे क्यों गायब हैं? वे कहां हैं? मैंने कोशिश की. मैं सुप्रीम कोर्ट गई. हमने सहयोग किया. हमने सब्र रखा, लेकिन नाम जानबूझकर काटे गए. लेकिन लोग तैयार हैं. यह सही है कि जिसका नाम छूटा है, वह इस दुख को नहीं समझेगा. अगर पड़ोसी का नाम छूटा है, तो वह समझेगा, लेकिन आज उसका नाम कटा है, कल आपका भी कटेगा.

ममता बनर्जी ने कहा कि हमारे बंगाल में 1 करोड़ 20 लाख लोग वोटिंग के अधिकार से वंचित होने जा रहे हैं. मेरा मूड ठीक नहीं है. शादी के बाद वह अपने पति के घर गईं, उनका नाम काट दिया गया. एक असली वोटर का नाम काट दिया गया. सारी जानकारी देने के बाद भी नाम काट दिया गया. चुनाव आयोग ने पक्षपात किया है.

उन्होंने कहा कि लोगों की डेमोक्रेसी खतरे में है. 58 लाख नाम बिना वेरिफिकेशन के हटा दिए गए हैं. माइक्रोऑब्जर्वर ने BLO अधिकारियों के नाम काट दिए हैं. मुझे आज पता चला कि एक BLO को कल ब्रेन स्ट्रोक हुआ था. यहां एक बुरा आदमी है, वह सारे BLO को दोष दे रहा है. वे अच्छा काम कर रहे हैं.

बीजेपी की यह आखिरी रथ यात्रा

ममता बनर्जी ने कहा कि सारा दोष बीजेपी का है. दिल्ली में BJP पार्टी ऑफिस से नाम काटा जा रहा है और यहां रथ यात्रा निकाल रहा है. यह रथ यात्रा आपकी आखिरी रथ यात्रा है. यह विनाश यात्रा होगी.

चुनाव से पहले होली उत्सव का उद्घाटन समारोह में राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि मेरी जिंदगी एक संघर्ष से शुरू हुई थी. मेरी मौत भी एक संघर्ष होगी. भले ही आप सबको डरा दें, आप मुझे नहीं डरा पाएंगे. उन्होंने कहा कि मैंने होली में शांति और भाईचारा की कामना की हैं. सभी क्लब से लेकर इस्कॉन तक सभी लोग यहां हैं. जैन कमेटी ने न्यू टाउन में जैन मंदिर बनाने के लिए जमीन मांगी है. बिस्वा बांग्ला गेट के बगल में जमीन दी जाएगी. आप मंदिर बनाइए.