{"vars":{"id": "123258:4912"}}

नोएडा एयरपोर्ट का उद्घाटन: मायावती का बड़ा दावा, कांग्रेस-सपा को घेरा

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन पर मायावती ने किया बड़ा दावा। कहा- BSP सरकार में ही शुरू हो गई थी रूपरेखा, कांग्रेस और सपा ने विकास कार्यों में अटकाया रोड़ा।

 

बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा है कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना की रूपरेखा और बुनियादी काम उनकी सरकार में ही शुरू हो गए थे, लेकिन केंद्र की तत्कालीन कांग्रेस सरकार की वजह से इसमें देरी हुई.

दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (28 मार्च) को उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के फर्स्ट फेज का उद्घाटन किया था. जिसको लेकर मायावती ने सवाल खड़े किए हैं. सोशल मीडिया पर उन्होंने एक लंबा पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने कहा ‘लम्बे इंतज़ार के बाद जेवर में नोएडा इंटरनेशनल हवाई अड्डा के प्रथम चरण का कल उद्घाटन हुआ, जबकि इसकी रूपरेखा ही नहीं बल्कि इसके सभी ज़रूरी बुनियादी कार्य बीएसपी. की मेरी सरकार में ही शुरू हो गए थे’.

कांग्रेस पर बरसीं मायावती

पूर्व सीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आगे कहा ‘इतना ही नहीं बल्कि उस समय केन्द्र में रही कांग्रेस पार्टी की सरकार अगर रोड़ा नहीं अटकाती तो विकास का यह कार्य, यमुना एक्सप्रेसवे आदि की तरह, काफी पहले मेरी सरकार में ही पूरा हो गया होता.

सपा पर भी साधा निशाना

इसके साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी को भी आड़े हाथों लिया. उन्होंने पोस्ट में कहा ‘जहां तक सपा सरकार का सवाल है तो इनका ज्यादातर समय उत्तर प्रदेश की गरीबी और पिछड़ेपन आदि को दूर करने हेतु विकास के ठोस कार्य करने के बजाय राजनीतिक फायदा उठाने में चला गया.

उन्होंने कहा ‘ख़ासकर बीएसपी सरकार द्वारा समाज के कमजोर तबकों के हित, कल्याण और उनके उत्थान के लिए गए ऐतिहासिक फैसलों एंव किए गए महत्वपूर्ण कार्यों को निष्क्रिय बनाने के साथ-साथ बहुजन समाज में जन्में महान संतों, गुरुओं व महापुरुषों के आदर-सम्मान में निर्मित शिक्षण व मेडिकल संस्थानों व ज़िला आदि का नाम बदलने व उनके नाम पर बने स्थलों, स्मारकों, एवं पार्कों आदि की अनदेखी व उपेक्षा करने के नकारात्मक, जातिवादी व राजनीतिक द्वेष में ही ज़्यादातर समय लगी रही, जो किसी से भी छिपा हुआ नहीं है’.

बीएसपी प्रमुख की जनता से अपील

बीएसपी प्रमुख मायावती ने उत्तर प्रदेश की जनता से अपील है कि वो विरोधी पार्टियों की छलावापूर्ण राजनीति और बहकावे में ना आकर बीएसपी. के सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय की नीति और सिद्धान्त में विश्वास रखते हुए अपने एंवप्रदेश के विकास हेतु बीएसपी. के आयरन नेतृत्व पर ही भरोसा करें. इसके साथ ही उन्होंने सवाल उठाए हुए कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की अलग से बेंच व उनके लिए अलग से प्रदेश बनाने का सपना ना जाने कब पूरा होगा?.

बात नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की करें तो बीते शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जेवर में 11,282 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले फेज का उद्घाटन किया. उत्तर प्रदेश अब 5 इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाला देश का पहला राज्य बन गया है.