{"vars":{"id": "123258:4912"}}

हरियाणा राज्यसभा चुनाव: विनेश फोगाट का अपनी ही पार्टी पर हमला, 'अपनों में भी कुछ जयचंद हैं!'

हरियाणा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग पर विनेश फोगाट का बड़ा बयान। कांग्रेस के 4 विधायकों के नाम उजागर होने के बाद विनेश ने सोशल मीडिया पर 'जयचंदों' को घेरा। जानें पूरी खबर।

 
हरियाणा : हरियाणा के राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस ने भले ही एक सीट पर जीत दर्ज कर ली हो, लेकिन इस जीत के पीछे पार्टी के भीतर की गहरी दरारें भी उजागर हो गईं। सबसे ज्यादा चर्चा उन विधायकों की हो रही है जिन्होंने क्रॉस वोटिंग कर अपनी ही पार्टी को धोखा दिया। क्रॉस वोटिंग की घटना ने कांग्रेस संगठन को झकझोर दिया है। पार्टी अब अपने ही विधायकों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में है। 

जुलाना से विधायक विनेश फोगाट ने क्रॉस वोट करने वालों को बताया जयचंद बता सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट शेयर की है। उन्होंने लिखा है कि वोट क्रॉस हुई हो या कैंसिल। क्या मनसा दोनों जगह एक जैसी थी, यह पार्टी को डिसाइड करना है। ऐसे बिना वजह कुछ नहीं होता, कोई किंतु परन्तु नहीं होना चाहिए, इसी सोच के साथ पार्टी को एक्शन लेना चाहिए। 

वहीं विनेश फोगाट ने कहा कि अगर गलती क्रॉस वोटिंग करने वालों की है तो कैंसिल करने वालों की भी क्या उतनी ही है। यह हमारी पार्टी का शीर्ष नेतृत्व फैंसला ले। हर बार वार दूसरों के कंधों पे रख कर नहीं होता, कुछ अपने भी जयचंद हैं। मॉक ड्रिल इसीलिए करवाई गई थी कि कोई गलती ना हो अगर फिर भी यह सब हुआ तो जवाबदेही किसकी? जिसका ज़मीर ज़िंदा हो उसकी कोई क़ीमत नहीं होती। रखवाली जानवरों की होती है इंसानों की नहीं। सज़ा उसी को मिले जिसने गलती की। ईमानदारों के ख़िलाफ़ झूठा नैरेटिव बना कर सज़ा उनको क्यों। यह विचारधारा की लड़ाई है, जनता की अदालत में उनके नाम जाने चाहिए। जनता ही उनका आखरी फैंसला ले।

वहीं हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी बी के हरिप्रसाद ने हरियाणा के राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोट करने वाले विधायकों के नाम बता दिए हैं। उनके अनुसार, नारायणगढ़ से शैली चौधरी, पुनहाना से मोहम्मद इलियास, हथीन से मोहम्मद इसराइल और सढाैरा से रेणु बाला ने क्रॉस वोट किया।