{"vars":{"id": "123258:4912"}}

विनेश फोगाट की खेल मंत्री को चुनौती: ‘तालाब में तैरकर दिखाएं, बीमार न हुए तो सदन छोड़ दूंगी’

हरियाणा विधानसभा में जुलाना विधायक विनेश फोगाट और खेल मंत्री के बीच तीखी बहस। राम राय गांव में स्विमिंग पूल की मांग और महम में ₹112 करोड़ की जलभराव योजनाओं की पूरी रिपोर्ट।

 
चंडीगढ़ : जुलाना से कांग्रेस विधायक व ओलिम्पियन विनेश फोगाट ने राम राय गांव में स्विमिंग पुल बनाने का मुद्दा उठाया। जिस पर खेल मंत्री गौरव गौतम के जवाब से बिफरी फोगाट ने मंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि वे एक बार इस तालाब में तैर कर देखें। मैं गारंटी देती हूं, वे अगले ही दिन अस्पताल में भर्ती हो जाएंगे। अगर ऐसा न हो तो मैं ये सदन छोड़कर चली जाऊंगी। राम राय गांव के लोगों ने स्विमिंग पूल के लिए 2 एकड़ भूमि दान दी हुई है। इसके बाद भी सरकार स्विमिंग पुल नहीं बना रही।

उन्होंने कहा कि यहां के 250 के करीब युवा ऐसे हैं जो अंतर्राष्ट्रीय स्तर के तैराक हैं। गांव के युवा तालाब में प्रैक्टिस करते हैं। तालाब में पानी गंदा और प्रदूषित है। इस वजह से युवाओं में स्किन से जुड़ी बीमारियां फैल रही हैं। खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि राम राय गांव से करीब 12 कि.मी. दूर जींद के एकलव्य स्टेडियम में ओलिम्पिक साइज का स्विमिंग पुल हैं। खिलाड़ी वहां जाकर प्रैक्टिस कर सकते हैं। इस पर फोगाट ने कहा कि खेल विभाग ने यह स्विमिंग पुल प्राइवेट एजेंसी को ठेके पर दिया हुआ है। ठेकेदार प्रैक्टिस करने की एवज में पैसों की डिमांड करता है। स्पीकर हरविंद्र कल्याण के दखल के बाद जब गौरव गौतम ने कहा कि विधायक विनेश फोगाट प्रस्ताव दें तो फोगाट ने कहा कि मंत्री न तो मिलते हैं और न ही फोन उठाते हैं। इस पर मंत्री ने कहा कि मेरे से तो रोज हजारों लोग मिलते हैं।

महम क्षेत्र में बाढ़ एवं जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए कुल 112.56 करोड़ रुपए की 44 योजनाएं तैयार कीः सिंचाई एवं जलसंसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि महम विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों में बाढ़ एवं जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए राज्य सरकार द्वारा कुल 112.56 करोड़ रुपए की लागत से 44 योजनाएं तैयार की गई हैं। इन योजनाओं को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि पुंडरी विधानसभा क्षेत्र में चंदाना माइनर (बुर्जी संख्या 0 से 28160) तथा थरोटा माइनर (बुर्जी संख्या ० से 48600) के पुनर्वास एवं मुरम्मत के कार्य को शीघ्र पूरा किया जाएगा।