Numerology: ससुराल के लिए 'भाग्यशाली' होती हैं मूलांक 3 की लड़कियां, शादी के बाद चमक जाती है पति की किस्मत
अंक ज्योतिष के अनुसार मूलांक 3 की लड़कियां पति और ससुराल के लिए बेहद शुभ मानी जाती हैं। गुरु ग्रह के प्रभाव से ये न केवल बुद्धिमान होती हैं, बल्कि घर में सुख-समृद्धि भी लाती हैं।
अंक ज्योतिष में हर मूलांक का अपना अलग स्वभाव, ऊर्जा और प्रभाव माना जाता है. कुछ मूलांक ऐसे होते हैं, जिन्हें भाग्यशाली, नेतृत्व करने वाला और परिवार में सुख-समृद्धि लाने वाला माना जाता है. मान्यता है कि इन मूलांक की लड़कियां शादी के बाद न सिर्फ अपने जीवन में तरक्की करती हैं, बल्कि पति और ससुराल की किस्मत भी चमका देती हैं. इन्हें घर के लिए सौभाग्य और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है. अंक ज्योतिष के अनुसार किसी भी व्यक्ति का मूलांक उसकी जन्म तारीख से निकाला जाता है. जैसे अगर किसी लड़की का जन्म 1, 10, 19 या 28 तारीख को हुआ है तो उसका मूलांक 1 माना जाएगा. इसी तरह हर अंक का संबंध किसी न किसी ग्रह से होता है और उसी के अनुसार उसका प्रभाव भी देखने को मिलता है.
मूलांक 3 की लड़कियां मानी जाती हैं बेहद भाग्यशाली
अंक ज्योतिष में मूलांक 3 की लड़कियों को बहुत शुभ माना गया है. जिन लड़कियों का जन्म 3, 12, 21 या 30 तारीख को हुआ हो, उनका मूलांक 3 होता है. इस अंक का स्वामी गुरु ग्रह माना जाता है, जिसे ज्ञान, सम्मान, धन और समृद्धि का कारक कहा जाता है.कहा जाता है कि मूलांक 3 की लड़कियां बुद्धिमान, समझदार और जिम्मेदार स्वभाव की होती हैं. ये हर परिस्थिति को अच्छे से संभालना जानती हैं और परिवार को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती हैं. इन्हीं गुणों की वजह से शादी के बाद इनके पति के जीवन में भी सकारात्मक बदलाव आने लगते हैं.
पति के करियर और तरक्की में मिलता है साथ
मान्यता है कि मूलांक 3 की लड़कियां अपने पति के लिए लकी साबित होती हैं. ये मुश्किल समय में भी पति का मनोबल बढ़ाती हैं और सही फैसले लेने में मदद करती हैं. कई बार इनके सहयोग और समझदारी से पति के करियर में तेजी से उन्नति देखने को मिलती है. इनके बारे में कहा जाता है कि जहां ये रहती हैं वहां आर्थिक स्थिति धीरे-धीरे मजबूत होने लगती है. परिवार में सुख-शांति और सम्मान बढ़ता है. यही वजह है कि अंक ज्योतिष में इन्हें घर की लक्ष्मी भी कहा जाता है.
नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास होता है खास
मूलांक 3 की लड़कियों में नेतृत्व करने की क्षमता काफी मजबूत मानी जाती है. ये आत्मविश्वासी होती हैं और अपनी मेहनत से हर क्षेत्र में पहचान बना सकती हैं. समाज में सम्मान पाना और लोगों को प्रभावित करना इनके स्वभाव का हिस्सा माना जाता है. इनकी सबसे बड़ी खासियत यह होती है कि ये रिश्तों को महत्व देती हैं और परिवार को जोड़कर रखने की कोशिश करती हैं. यही कारण है कि शादी के बाद इनके रिश्ते लंबे समय तक मजबूत बने रहते हैं.
क्या कहता है अंक ज्योतिष?
अंक ज्योतिष में माना जाता है कि हर मूलांक का व्यक्ति अपने साथ एक विशेष ऊर्जा लेकर आता है. हालांकि किसी व्यक्ति का स्वभाव सिर्फ मूलांक से तय नहीं होता, बल्कि उसकी कुंडली, परिवेश और कर्म भी जीवन पर गहरा असर डालते हैं. फिर भी मूलांक 3 की लड़कियों को भाग्यशाली और परिवार के लिए शुभ माना जाता है.