{"vars":{"id": "123258:4912"}}

शनि जयंती 2026: साढ़ेसाती और ढैय्या में क्या है अंतर? जानें शुभ उपाय

16 मई 2026 को मनाई जाएगी शनि जयंती। जानें शनि की साढ़ेसाती और ढैय्या के बीच का मुख्य अंतर और इस शनैश्चरी अमावस्या पर किए जाने वाले विशेष ज्योतिषीय उपाय।

 

हिंदू धर्म में शनि देव को न्याय के देवता और कर्मों के अनुसार फल देने वाला ग्रह माना जाता है. जब भी जीवन में अचानक कठिनाइयां रुकावटें या संघर्ष बढ़ने लगते हैं, तो लोग अक्सर इसे शनि के प्रभाव से जोड़ते हैं. साल 2026 में शनि जयंती 16 मई को मनाई जाएगी, और इस बार यह खास इसलिए भी है क्योंकि यह ज्येष्ठ अमावस्या और शनिवार के दिन पड़ रही है, जिसे शनैश्चरी अमावस्या कहा जाता है. इस मौके पर सबसे ज्यादा चर्चा होती है शनि की साढ़ेसाती और ढैय्या की. आखिर इन दोनों में क्या अंतर है और किसका प्रभाव ज्यादा भारी माना जाता है? आइए विस्तार से समझते हैं.

क्या है शनि की साढ़ेसाती और ढैय्या में मुख्य अंतर?

शनि की साढ़ेसाती और ढैय्या दोनों ही शनि के गोचर से जुड़ी अवस्थाएं हैं, लेकिन इनमें कुछ महत्वपूर्ण अंतर होते हैं. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, शानि की साढ़ेसाती 7.5 साल चलती है, जबकि ढैय्या केवल 2.5 साल की होती है. आमतौर पर माना जाता है कि साढ़ेसाती का प्रभाव ढैय्या से ज्यादा भारी होता है, क्योंकि इसकी अवधि लंबी होती है और यह जीवन के कई पहलुओं को प्रभावित करती है. हालांकि, यह पूरी तरह व्यक्ति की कुंडली पर निर्भर करता है. अगर किसी की जन्म कुंडली में शनि ग्रह मजबूत स्थिति में है, तो साढ़ेसाती भी अच्छे परिणाम दे सकती है जैसे तरक्की, सफलता और स्थिरता. वहीं कमजोर शनि होने पर ढैय्या भी कठिन साबित हो सकती है.

शनि जयंती पर क्या करें उपाय?

तिल के तेल का दान: शनि देव की मूर्ति पर सरसों या तिल का तेल अर्पित करें.

शनि चालीसा का पाठ: पीपल के पेड़ के नीचे दीपक जलाकर शनि चालीसा या ओम शं शनैश्चराय नमः मंत्र का जाप करें.

दान-पुण्य: काले तिल, काला छाता, उड़द की दाल या लोहे की वस्तुओं का जरूरतमंदों को दान करें.

कर्मों की शुद्धि: शनि देव कर्म के कारक हैं, इसलिए असहायों की मदद करें और किसी का हक न मारें.

क्या शनि हमेशा बुरा फल देते हैं?

यह धारणा पूरी तरह सही नहीं है. शनि देव को न्यायप्रिय माना जाता है, जो व्यक्ति को उसके कर्मों के अनुसार फल देते हैं. अच्छे कर्म करने वालों को शनि उन्नति और सम्मान देते हैं, जबकि गलत कर्म करने वालों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. इसलिए शनि का प्रभाव व्यक्ति के कर्म और कुंडली दोनों पर निर्भर करता है.