{"vars":{"id": "123258:4912"}}

मंगलवार को सुंदरकांड का पाठ: विधि, महत्व और अद्भुत लाभ

मंगलवार के दिन हनुमान जी की पूजा और सुंदरकांड का पाठ करना बेहद शुभ माना जाता है। जानें सुंदरकांड पाठ की सही विधि, इसका धार्मिक महत्व और जीवन में मिलने वाले लाभ।

 

मंगलवार का दिन भगवान श्रीराम के परम भक्त हनुमान जी को समर्पित किया गया है. इस दिन हनुमान जी की विशेष पूजा और व्रत किया जाता है. धार्मिक मान्यता है कि मंगलवार के दिन व्रत और पूजा करने से बजरंगबली शीघ्र प्रसन्न होते हैं और सभी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं. यही कारण है कि इस दिन भक्त हनुमान जी की पूजा करते हैं. हनुमान जी की पूजा के दौरान सुंदरकांड का पाठ भी किया जाता है. सुंदरकांड का पाठ मंगलवार के दिन करना बहुत बहुत शुभ माना जाता है.

सुंदरकांड रामचरित मानस के सबसे अधिक लोकप्रिय और प्रभावशाली अध्यायों में से एक है. इसमें हनुमान जी के पराक्रम, भक्ति और साहस का वर्णन किया गया है. मान्यता है कि सुंदरकांड का नियमित पाठ करने से जीवन की परेशानियां दूर होती हैं और घर में सुख-शांति का आगमन होता है. साथ ही कुंडली में चल रहे सभी ग्रह दोष दूर होते हैं और मंगल की स्थिति मजबूत होती है. शास्त्रों में सुंदरकांड को पढ़ने की पूरी विधि बताई गई है. आइए जानते हैं सुंदरकांड के पाठ की विधि. साथ ही जानते हैं सुंदरकांड का धार्मिक महत्व और लाभ.

सुंदरकांड के पाठ की विधि

सुंदरकांड का पाठ करने से पहले स्नान करके स्वच्छ और साफ वस्त्र पहनें. इसके बाद घर के पूजा स्थल की सफाई कर ईशान कोण (उत्तर-पूर्व दिशा) में राम दरबार की प्रतिमा या चित्र रखें. सुंदरकांड का पाठ सुबह और शाम दोनों समय पर किया जा सकता है. शाम को सुंदरकांड पढ़ते समय पश्चिम दिशा की ओर मुख करके बैठें. फिरचमेली के तेल का दीपक जलाकर धूप, फूल, फल और प्रसाद चढ़ाएं.

इसके बाद गणेश वंदना और गुरु वंदना के साथ भगवान श्रीराम और हनुमानजी का ध्यान लगाएं. फिर हनुमानजी के चरणों में पीपल के सात पत्ते अर्पित करें. इसके बाद श्रद्धा और एकाग्रता के साथ सुंदरकांड का पाठ शुरू करें. अंत में फिर हनुमान चालीसा, आरती करें. भगवान से सुख-समृद्धि की कामना करें. इसके बाद बूंदी या गुड़ चने का प्रसाद वितरित करें.

सुंदरकांड का धार्मिक महत्व

धार्मिक मान्यता है कि सुंदरकांड का पाठ करने से हनुमान जी के आशीर्वाद से कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच बनाए रखने की हिम्मत प्राप्त होती है. मान्यता ये भी है कि जिस घर में नियमित रूप से सुंदरकांड का पाठ किया जाता है, वहां नकारात्मक उर्जा कभी वास नहीं कर पाती है. हनुमान जी के आशीर्वाद से घर में हमेशा सकारात्मक वातावरण बना रहता है.

सुंदरकांड पढ़ने के लाभ

  • सुंदरकांड का पाठ करने से मानसिक तनाव कम होता है और मन शांत होता है.
  • भय, चिंता और नकारात्मक विचार मन से दूर होते हैं.
  • कार्यों में आने वाली बाधाएं दूर होती हैं और आत्मबल बढ़ता है.
  • परिवार में सुख, शांति और आपसी प्रेम बढ़ता है.
  • सेहत अच्छी रहती है और जीवन में सफलताएं मिलती हैं.