राम मंदिर में 'श्रीराम यंत्र' की स्थापना: राष्ट्रपति मुर्मू ने 150 किलो के यंत्र को किया प्रतिष्ठित!
अयोध्या राम मंदिर के तृतीय तल पर 150 किलो वजनी दिव्य 'श्रीराम यंत्र' स्थापित। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, CM योगी और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल रहे मौजूद। जानें इस यंत्र की महिमा।
अयोध्या के राम मंदिर में आज हिंदू नववर्ष के अवसर पर भव्य कार्यक्रम में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राम मंदिर के तृतीय तल पर श्रीराम यंत्र स्थापित किया गया. 7000 से ज्यादा लोग इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने, जिसमें संत, कारसेवक, मंदिर निर्माण में समर्पित कर्मी समेत तमाम राम भक्त भी शामिल रहे. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ यूपी की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस आयोजन में शामिल हुए.
श्रीराम यंत्र का कितना वजन?
श्रीराम यंत्र एक पवित्र, 150 किलोग्राम सोने और मिश्रित धातु से निर्मित दिव्य तांत्रिक-वैदिक यंत्र है. यह मंदिर के तीसरे तल पर स्थापित किया गया है, जो सकारात्मक ऊर्जा, समृद्धि और भगवान राम की दिव्य शक्ति का प्रतीक माना जाता है. चैत्र नवरात्रि और हिंदू नववर्ष के पावन अवसर पर इस राम मंदिर में स्थापित किया गया. यह यंत्र मानसिक अशांति, पितृ दोष, और शनि/राहु-केतु के दुष्प्रभावों को दूर कर सुख-समृद्धि लाता है.
यह राम मंदिर के गर्भगृह में स्थापित किया गया है, जो नकारात्मक शक्तियों को खत्म करने और सकारात्मकता बढ़ाने वाला माना जाता है. यह स्थापना अनुष्ठान 9 दिवसीय आयोजन के तहत राष्ट्रपति द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुआ, जिसमें देश भर के संत और विशिष्ट अतिथि शामिल हुए.
श्रीराम यंत्र में सोने की प्लेटिंग
श्रीराम यंत्र की स्थापना से पहले आठ दिन तक चले वैदिक अनुष्ठान और श्री सीताराम राम जानकी यज्ञ का आज समापन हुआ. कांची कामकोटि पीठ में स्थापित मूल श्रीराम यंत्र की यह अनुकृति है. कांची पीठ के शंकराचार्य स्वामी विजयेंद्र सरस्वती द्वारा इस प्रदान किया गया है. 150 किलो मिश्रित धातु से निर्मित और सोने की प्लेटिंग इस श्रीराम यंत्र की दिव्यता को बढ़ाती है. वर्ष 2024 में इसे तिरुपति देवस्थानम से रथयात्रा के साथ अयोध्या लाया गया और राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सुपुर्द किया गया.
CM योगी ने शेयर किया श्रीराम यंत्र स्थापना का वीडियो
बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद श्रीराम यंत्र स्थापना की इस पूजा का वीडियो शेयर किया है, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू हाथ में एक पात्र लिए हुए दिख रही हैं. इस पात्र में दूब घास समेत अन्य पूजन सामग्री रखी हुई है. दूसरी तरफ मंदिर के पुजारी लगातार मंत्रोच्चारण कर रहे थे. इस बीच राष्ट्रपति ने पूजा के पात्र को अपने माथे से लगाया.
इसके बाद इस पात्र को पुजारी ने ईश्वर के चरणों में अर्पण कर दिया. गोल्डन रंग का दिखने वाला श्रीराम यंत्र देखने में बहुत ही दिव्य और अद्भुद है. राम मंदिर के इस दिव्य और खास मौके पर CM योगी समेत अन्य गणमान्य अतिथि वहां मौजूद रहे. बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यंत्र स्थापना के बाद भगवान राम के दर्शन भी किए.