इटावा शर्मसार: प्रेमी जोड़े का मुंह काला कर गांव में घुमाया, पति-देवर समेत 7 गिरफ्तार
इटावा के बर्रा गांव में अमानवीयता! प्रेम प्रसंग में महिला और युवक का मुंह काला कर निकाला जुलूस। वैदपुरा पुलिस ने पति और देवर समेत 7 आरोपियों को किया गिरफ्तार।
उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के वैदपुरा थाना क्षेत्र के बर्रा गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है, जहां एक महिला और उसके साथ आए युवक के साथ मारपीट कर अमानवीय व्यवहार किया गया. दोनों का मुंह काला कर गांव में जुलूस निकाला गया. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है. इस घटना को लेकर गांव में चर्चा का माहौल है.
जानकारी के मुताबिक, बर्रा गांव की रहने वाली तीन बच्चों की मां 26 मार्च को अपनी मर्जी से मैनपुरी जिले के एक युवक के साथ घर छोड़कर चली गई थी. अगले दिन 27 मार्च की शाम को परिजन उसे ढूंढ कर वापस घर ले आए. महिला का आरोप है कि घर लाने के बाद उसके साथ मारपीट की गई और उसे प्रताड़ित किया गया. आरोप है कि 27 मार्च की रात करीब 10 बजे महिला से उसके परिजनों ने फोन करके युवक को गांव के पास बुलवाया.
मुंह काला कर निकाला गया जुलूस
महिला के बुलावे पर युवक रात करीब 11 बजे गांव पहुंचा, जहां पहले से मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया. इसके बाद उसके साथ जमकर मारपीट की गई और रातभर एक कमरे में बंद रखा गया. महिला के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 5 बजे उसका मुंह काला किया गया. युवक को भी लात-घूंसों और जूता-चप्पलों से पीटा गया. इसके बाद दोनों को गांव में जुलूस के रूप में घुमाया गया. इस दौरान कुछ लोग चप्पलों की माला पहनाने की भी तैयारी कर रहे थे, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई.
7 लोग अरेस्ट
घटना की सूचना मिलते ही वैदपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जुलूस में शामिल लोगों को पकड़ लिया. पुलिस महिला और युवक को भी थाने ले आई. थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह के मुताबिक, महिला के साथ मारपीट के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है और शांति भंग की आशंका में कार्रवाई की गई है. पुलिस के अनुसार, महिला और युवक से पूछताछ जारी है. कुछ अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
सीओ आयुषी सिंह ने बताया कि पति, देवर समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किया गया है. सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.