{"vars":{"id": "123258:4912"}}

मालवीय नगर नस्लीय दुर्व्यवहार: आरोपी दंपत्ति गिरफ्तार, SC-ST एक्ट के तहत दिल्ली पुलिस का एक्शन

दिल्ली के मालवीय नगर में अरुणाचल की महिलाओं से नस्लीय बदसलूकी के आरोपी हर्ष और रूबी जैन गिरफ्तार। किरेन रिजिजू और सीएम रेखा गुप्ता ने सख्त कार्रवाई का दिया भरोसा।

 

दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में अरुणाचल प्रदेश की तीन महिलाओं के साथ नस्लीय दुर्व्यवहार और बदसलूकी करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने बुधवार को मुख्य आरोपी हर्ष और उसकी पत्नी रूबी जैन को गिरफ्तार कर लिया है. ये गिरफ्तारी SC-ST Act और अन्य संबंधित धाराओं के तहत की गई है. इस मामले की जांच अब ACP रैंक के अधिकारी की देखरेख में चल रही है.

गिरफ्तारी से पहले, मुख्य आरोपी हर्ष सिंह ने समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए अपनी हरकत पर पछतावा जताया. हर्ष ने कहा, ‘हम निश्चित रूप से शर्मिंदा हैं. मैं ऐसा इंसान नहीं हूं, ये सब कुछ ‘हीट ऑफ द मूमेंट’ (गुस्से के क्षण) में हो गया. हम दिल्ली पुलिस का पूरा सहयोग कर रहे हैं.’ हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में आरोपी कपल की आक्रामकता कुछ और ही कहानी बयां कर रही थी.

AC की ड्रिलिंग को लेकर हुआ था विवाद

पूरी घटना 20 फरवरी की दोपहर करीब 3:30 बजे की है. मालवीय नगर में चौथी मंजिल पर रहने वाली अरुणाचल की तीन महिलाओं ने अपने फ्लैट में AC लगवाने के लिए इलेक्ट्रीशियन बुलाया था. ड्रिलिंग के दौरान कुछ मलबा पहली मंजिल पर रहने वाले हर्ष सिंह और रूबी जैन की बालकनी में गिर गया. इसी बात को लेकर शुरू हुई बहस नस्लीय गालियों और चरित्र हनन तक पहुंच गई.

वीडियो में कैद हुई शर्मनाक हरकत

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आरोपी महिला रूबी जैन पीड़ित महिलाओं पर बेहद भद्दी टिप्पणियां करती दिखाई दी. वीडियो में वो पीड़ित को ‘मसाज पार्लर में काम करने वाली धंधेवाली’ कहती दिखी. यहा तक कि उसने अपने पति के साथ सोने तक की घिनौनी बात भी कही. जब विवाद बढ़ा, तो रूबी ने अपने पति को बड़े पॉलिटिशियन का बेटा बताकर रौब झाड़ने की भी कोशिश की. खास बात यह है कि घटना के वक्त एक पुलिसकर्मी वहां मौजूद था, जो मामले को शांत कराने की कोशिश कर रहा था.

केंद्रीय मंत्रियों ने लिया संज्ञान

इस घटना ने राजनीतिक गलियारे में भी हलचल पैदा कर दी है. केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि उनका ऑफिस पहले दिन से पीड़ितों के संपर्क में है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

वहीं, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि ऐसी घटनाएं बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएंगी. उन्होंने इस संबंध में अरुणाचल के मुख्यमंत्री पेमा खांडू से भी बात की है और आश्वासन दिया है कि सख्त कानूनी धाराएं लगाई गई हैं.

दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता का बयान

मालवीय नगर नस्लीय टिप्पणी के मामले पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का भी बयान सामने आया है. सीएम रेखा गुप्ता ने मामले पर संज्ञान लेते हुए कहा कि मैं जल्द उन बहनों से मिलूंगी. जिन्होंने उनके साथ ऐसा बर्ताव किया, उन पर कड़ी करवाई होगी. सीएम ने कहा कि राजधानी दिल्ली में हर एक का हक बराबर का है.

दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, मामले की बारीकी से निगरानी की जा रही है ताकि पीड़ितों को जल्द से जल्द न्याय मिल सके.