{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Samastipur News: प्रेमिका के लिए टावर पर चढ़ा युवक, विधायक के भरोसे पर उतरा नीचे

समस्तीपुर में प्रेमिका को साथ रखने की जिद पर मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक। 6 घंटे चला हाई-वोल्टेज ड्रामा, विधायक रणविजय साहू के आश्वासन के बाद नीचे उतरा प्रेमी।

 

समस्तीपुर में एक युवक अपनी प्रेमिका को साथ रखने की जिद पर मोबाइल टावर पर पर जा चढ़ा. कई घंटों तक प्रशासन और स्थानीय लोगों की सांसें अटकी रहीं. पुलिस ने काफी प्रयास किया लेकिन युवक ने किसी की नहीं सुनी. इसके बाद विधायक ने कहा कि नीचे उतर आओ, साथ चलकर पत्नी लेकर आएंगे. इसके बाद वो नीचे उतरकर आया.

पूरा मामला समस्तीपुर जिले के मोरवा हलई थाना क्षेत्र अंतर्गत ररियाही पंचायत के कुमैया चौक का है. वासुदेव कुमार नाम का एक युवक अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया. टावर पर चढ़ने के बाद उसने हंगामा शुरू कर दिया और मांग करने लगा कि उसकी प्रेमिका को उसके पास बुलाया जाए. देखते ही देखते टावर के नीचे सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई.

युवक टावर के ऊपर से चिल्ला-चिल्लाकर धमकी दे रहा था कि अगर उसकी प्रेमिका को उसे नहीं सौंपा गया, तो वह ऊपर से कूदकर अपनी जान दे देगा. इस चेतावनी ने पुलिस और प्रशासन के होश उड़ा दिए. जानकारी के अनुसार, वासुदेव कुमार की शादी करीब 15 वर्ष पहले हुई थी, लेकिन उसके पास कोई संतान नहीं थी. वह रोजी-रोटी के लिए हैदराबाद में मजदूरी करता था. इसी दौरान करीब दो साल पहले उसका पटोरी थाना क्षेत्र की एक युवती से संपर्क हुआ. दोनों के बीच प्यार इतना बढ़ा कि एक महीने पहले उन्होंने भागकर शादी कर ली.

युवक के घरवालों ने इस मामले में केस दर्ज कराया था, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को हैदराबाद से बरामद किया और मंगलवार को उन्हें उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया था. हालांकि सामाजिक दबाव के कारण दोनों को अलग कर दिया गया, जिससे वासुदेव काफी आहत था और इसी नाराजगी में उसने टावर पर चढ़कर आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की.

घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल, एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं. स्थानीय पुलिस और प्रशासन उसे नीचे उतारने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह टस से मस नहीं हुआ. आखिर में स्थानीय राजद विधायक रणविजय साहू मौके पर पहुंचे. विधायक और पुलिस अधिकारियों ने मेगाफोन के जरिए वासुदेव से बात की और उसे भरोसा दिलाया कि उसकी समस्या का कानूनी और उचित समाधान निकाला जाएगा. विधायक ने कहा कि उतर जाओ पत्नी लाने साथ चलेंगे.

करीब 6 घंटे की कड़ी मशक्कत और मान-मनौव्वल के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतरा, तब जाकर प्रशासन ने राहत की सांस ली. फिलहाल इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा का विषय बना हुआ है.