Varanasi News: गंगा में इफ्तार के बाद अब 'बियर पार्टी' का वीडियो वायरल, मचा बवाल
वाराणसी में गंगा नदी की नाव पर बियर पीते युवकों का वीडियो वायरल। इफ्तार और चिकन पार्टी के बाद नया विवाद। एसीपी दशाश्वमेध ने शुरू की जांच। निषादराज सेवा न्यास ने की कार्रवाई की मांग।
वाराणसी में गंगा में इफ्तार के नाम पर चिकन पार्टी का विवाद अभी थमा भी नहीं था कि एक नए वीडियो ने शहर का तापमान बढ़ा दिया है. वायरल हो रहे इस वीडियो में गंगा में बियर पीते कुछ लोग दिखाई दे रहे हैं. यह वीडियो बीते रविवार का बताया जा रहा है.
यह वीडियो कहां का है और इसमें जो लोग बियर पीते हुए दिखाई दे रहे हैं, वे कहां के हैं, इसकी जांच शुरू हो गई है. एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि वायरल वीडियो बनारस का है या फिर मिर्जापुर का, इसकी जांच की जा रही है. वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान भी की जा रही है.
बीते रविवार को मांझी समाज के लोग बड़ी संख्या में नाव लेकर मिर्जापुर के अदलपुरा स्थित शीतला माता के दरबार में गए थे. दोपहर बाद वे वहां पहुंचे थे और रात को वहीं रुके हुए थे. चूंकि यह वीडियो शाम के बाद का बताया जा रहा है, इसलिए इसकी जांच की जा रही है कि यह किस स्थान का है और इसमें दिख रहे लोग कौन हैं.
क्या है निषादराज सेवा न्यास की मांग?
मां गंगा निषादराज सेवा न्यास के अध्यक्ष प्रमोद मांझी ने टीवी9 डिजिटल से कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि मांझी समाज के लोग शीतला मईया के दरबार में बधावा लेकर जाते हैं, ताकि मईया अकाल और महामारी से बचाएं और सभी पर कृपा दृष्टि बनाए रखें. लेकिन कुछ लोगों के इस व्यवहार से पूरे समाज की छवि खराब हो रही है.
अप्रैल का पहला रविवार मांझी समाज के लिए एक महत्वपूर्ण और पवित्र दिन होता है. पूरा परिवार बधावा लेकर मां के दरबार में जाता है और शीतला माता की विधिवत पूजा की जाती है. इस पवित्र मौके पर ऐसा कृत्य केवल राक्षसी प्रवृत्ति के लोग ही कर सकते हैं. ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.