iPhone 18 Pro Max Price and Specs: 16GB रैम और धांसू बैटरी के साथ सितंबर में होगा लॉन्च, जानें क्या होगी संभावित कीमत
एपल का अगला फ्लैगशिप स्मार्टफोन iPhone 18 Pro Max सितंबर 2026 में लॉन्च हो सकता है। जानें A20 प्रो चिप, 5567mAh बैटरी, डार्क चेरी कलर और लीक हुई कीमतें।
एपल का अगला प्रीमियम स्मार्टफोन आईफोन 18 प्रो मैक्स सितंबर 2026 में लॉन्च होने की उम्मीद है. लॉन्च से पहले सामने आए लीक्स में फोन को लेकर कई बड़े अपग्रेड का दावा किया गया है. इसमें नया ए20 प्रो चिपसेट, बड़ी 5,567mAh बैटरी और वेरिएबल अपर्चर वाला कैमरा सेंसर मिल सकता है. इसके अलावा फोन को नया डार्क चेरी कलर और छोटा डायनेमिक आइलैंड मिलने की भी जानकारी सामने आई है.
नया डार्क चेरी कलर और छोटा डायनेमिक आइलैंड
लीक्स के मुताबिक, आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स में नया डार्क चेरी कलर ऑप्शन दिया जा सकता है. इसमें गहरे लाल और गुलाबी रंग की झलक देखने को मिलेगी. यह कलर आईफोन 17 प्रो में दिए गए कॉस्मिक ऑरेंज की जगह ले सकता है. इसके अलावा फोन ब्लैक, सिल्वर और लाइट ब्लू रंग में भी आ सकता है. आईफोन 18 प्रो मैक्स में 6.9 इंच का सुपर रेटिना एक्सडीआर ओएलईडी डिस्प्ले मिलने की बात कही गई है, जो 120 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट और 3,000 निट्स पीक ब्राइटनेस के साथ आ सकता है. डायनेमिक आइलैंड का आकार भी करीब 33 फीसदी छोटा होने का दावा है.
ए20 प्रो चिपसेट और 16GB रैम का दावा
आईफोन 18 प्रो मैक्स में नया ए20 प्रो चिपसेट मिलने की उम्मीद है. लीक्स के अनुसार, यह 3 नैनोमीटर तकनीक पर आधारित होगा और इसमें पुराने ए19 प्रो की एन3पी पैकेजिंग के बजाय वेफर-लेवल मल्टी-चिप मॉड्यूल पैकेजिंग का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसका मकसद ट्रांसमीटर को एक-दूसरे के करीब रखकर लेटेंसी कम करना और बैटरी की क्षमता को बेहतर करना बताया गया है. फोन में 16GB तक रैम और 1TB तक तेज इंटरनल स्टोरेज मिलने की बात कही गई है. इसके अलावा नया सी2 मॉडेम बेहतर 5जी कनेक्टिविटी और कम बैटरी खपत में मदद कर सकता है.
50MP वेरिएबल अपर्चर कैमरा और बड़ी बैटरी
कैमरा सेटअप में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. आईफोन 18 प्रो मैक्स में 50MP सोनी आईएमएक्स905 वेरिएबल अपर्चर सेंसर मिलने की बात कही गई है, जिससे यूजर सेंसर में जाने वाली रोशनी की मात्रा को मैन्युअली सेट कर सकेगा. इसके साथ 48MP अल्ट्रावाइड और 48MP टेलीफोटो सेंसर मिल सकते हैं, जबकि फ्रंट में 18MP सेल्फी कैमरा दिया जा सकता है. फोन में 5,567mAh की बड़ी बैटरी मिलने का दावा है, जो 25W मैगसेफ/क्यूआई2 चार्जिंग और 4.5W रिवर्स वायर्ड चार्जिंग सपोर्ट कर सकती है. कनेक्टिविटी में वाई-फाई 8, ब्लूटूथ 6.0, एनएफसी, नाविक+जीपीएस और आईपी68 रेटिंग मिल सकती है.
आईफोन 18 प्रो मैक्स की कीमत और लॉन्च
लीक्स के अनुसार, एआई बूम के कारण मेमोरी की बढ़ती लागत के बीच आईफोन 18 प्रो मैक्स की कीमत में बढ़ोतरी हो सकती है. फोन के बेस वेरिएंट की कीमत करीब 1,80,000 रुपये बताई गई है, जिसमें 8GB रैम और 256GB स्टोरेज मिल सकती है. एपल ने अभी आईफोन 18 प्रो मैक्स की लॉन्च डेट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. हालांकि, कुछ लीक्स में दावा किया गया है कि आईफोन 18 प्रो मैक्स, स्टैंडर्ड आईफोन 18 और बहुप्रतीक्षित आईफोन अल्ट्रा फोल्डेबल को 8 से 10 सितंबर 2026 के बीच लॉन्च किया जा सकता है.